MP Jhabua Bypoll Results : झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस की जीत

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 24 अक्टूबर 2019, 7:01 PM (IST)

झाबुआ। मध्य प्रदेश के झाबुआ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया ने भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया को 27,942 मतों के अंतर से शिकस्त दी है। इस जीत से कांग्रेस में जश्न है। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, झाबुआ विधानसभा के उपचुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। इसमें कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया को 95989 वोट मिले, वहीं प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया को 68,047 वोट हासिल हुए। इस तरह कांतिलाल भूरिया को निर्वाचन अधिकारी ने 27,942 वोटों से विजयी घोषित किया है।

गुरुवार को हुई मतगणना की शुरुआत से ही कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया बढ़त बनाए हुए है। 20वें चक्र की मतगणना पूरी होने पर कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया को 75482 और भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया को 55242 वेाट मिल चुके थे। इस तरह दोनों के बीच 20242 वोटों का फासला हो गया है।

कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया केा दसवे चक्र में 40084 और भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया को 31135 वोट हासिल हुए। इस तरह 8949 वोट के अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार आगे रहे।

झाबुआ विधानसभा सीट पर उपचुनाव जी. एस. डामोर के सांसद चुने जाने के कारण हुआ है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के जी. एस. डामोर ने कांतिलाल भूरिया के बेटे विक्रांत भूरिया को शिकस्त दी थी। वहीं लोकसभा चुनाव में डामोर ने कांतिलाल को हराया था।

कांग्रेस की इस सीट पर हुई जीत से नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। झाबुआ से लेकर पार्टी के प्रदेश कार्यालय तक जश्न मनाया जा रहा है। मिठाइयां बांटी जा रही हैं।

कांतिलाल भूरिया ने इस जीत को राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार के कामकाज और बीते 40 साल में उनके द्वारा जनता के हित में किए गए विकास कायरें का नतीजा बताया है।

(आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे