रेलिगेयर धोखाधड़ी मामला : 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजे गए रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 11 अक्टूबर 2019, 4:41 PM (IST)

नई दिल्ली। रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों मालविंदर-शिविंदर सिंह को रेलिगेयर धोखाधड़ी मामले में 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। उनके अलावा कवि अरोड़ा, सुनील गोधवानी और सुनील सक्सेना को भी पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

हालांकि पुलिस ने 6 दिन की रिमांड मांगी थी। रेलिगेयर फिनवेस्ट कंपनी में 2397 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में शिविंदर-मलविंदर और अन्य आरोपियों को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने आज कोर्ट में पेश किया। दिल्ली पुलिस के लुकआउट नोटिस पर मलविंदर को गुरुवार को लुधियाना पुलिस ने हिरासत में लिया था।

ईओडब्ल्यू की टीम उन्हें दिल्ली लेकर आई। दूसरे भाई शिविंदर सिंह को भी गुरुवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। यह कार्रवाई रेलिगेयर फिनवेस्ट कंपनी की शिकायत पर की गई। शिविंदर-मालविंदर पर रकम की हेराफेरी के आरोप हैं। ईओडब्ल्यू ने कवि, सुनील और अनिल को भी गिरफ्तार किया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

ये तीनों रेलिगेयर फिनवेस्ट के प्रबंधन में शामिल थे। मालविंदर ने दिल्ली हाईकोर्ट में एफआईआर रद्द करवाने के लिए याचिका दायर की। उन्होंने यह तर्क दिया कि मामला दिल्ली पुलिस के न्याय क्षेत्र में नहीं आता। अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। आपको बता दें कि साल 2016 में दोनों भाइयों ने फोब्र्स की 100 सबसे अमीर भारतीयों की लिस्ट में 92वें नंबर पर जगह बनाई थी।