दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे टेस्ट में मयंक और विराट ने हासिल की ये उपलब्धियां

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 10 अक्टूबर 2019, 8:22 PM (IST)

पुणे। भारत के दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाजी मयंक अग्रवाल ने गुरुवार को यहां शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने विशाखापट्टनम में हुए पहले टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा था। मयंक ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 108 रन बनाए।

वे इसी के साथ वीरेंद्र सहवाग (2009-10) के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो शतक जडऩे वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले, विशाखापट्टनम में हुए टेस्ट में मयंक चौथे ऐसे बल्लेबाज बने थे, जो अपने पहले टेस्ट शतक को दोहरे शतक में बदलने में कामयाब हुए।

मयंक से पहले इस कारनामे को दिलीप सरदेसाई, विनोद कांबली और करुण नायर ने किया था। 28 वर्षीय मयंक ने पहले टेस्ट में 215 रन बनाए थे और रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 317 रन जोड़े थे।

कोहली 50 टेस्ट में कप्तानी करने वाले दूसरे भारतीय बने

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

पुणे। भारतीय कप्तान विराट कोहली 50 टेस्ट में कप्तानी करने वाले महेंद्र सिंह धोनी के बाद दूसरे भारतीय बन गए हैं। कोहली ने गुरुवार से यहां महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच में यह उपलब्धि हासिल की। कोहली इससे पहले पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (बतौर कप्तान 49 टेस्ट) के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर थे।

कोहली और गांगुली से पहले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 2008 से 2014 तक 60 टेस्ट मैचों में भारत के लिए कप्तानी की थी। भारत ने दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार का खेल समाप्त होने तक मयंक अग्रवाल के 108 रन की मदद से तीन विकेट पर 273 रन का स्कोर बना लिया है। भारतीय टीम ने विशाखापट्टनम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 203 रनों से जीत दर्ज की थी और वह तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे है।

ये भी पढ़ें - 50 रन पर आउट होने के बावजूद जीती यह टीम, छठी यादगार वापसी