पश्चिम बंगाल : RSS कार्यकर्ता, पत्नी और बेटे की हत्या, BJP ने CM पर बोला हमला

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 10 अक्टूबर 2019, 3:49 PM (IST)

मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता और उसके परिवार की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज इलाके में आरएसएस कार्यकर्ता, उसकी 8 महीने की गर्भवती पत्नी और आठ साल के बेटे की हत्या कर दी गई। मंगलवार को 35 साल के प्रकाश पाल, उसकी पत्नी ब्यूटी पाल और बेटे अंगन की डेड बॉडी मिली।

पति-पत्नी को चाकू से घोंपकर मारा गया था, जबकि बेटे का गला तौलिये से घोंट दिया। घटना तब सामने आई जब पड़ोसियों ने उनके घर के अंदर खून से लथपथ शव देखे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

इस बीच गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट किया कि यह क्या हो रहा है दीदी आपके राज में। इससे बुरा और क्या हो सकता है। यह घटना बताती है कि तृणमूल कांग्रेस शासित राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो गई है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

पुलिस ने बताया कि प्रकाश पाल एक शिक्षक थे जो गोसाईंग्राम स्थित एक प्राइमरी स्कूल में पढ़ाते थे जबकि उनकी पत्नी गर्भवती थी। तीनों की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। पश्चिम बंगाल आरएसएस के नेता जिष्णु बसु के अनुसार प्रकाश आरएसएस कार्यकर्ता थे और हाल ही में वे साप्ताहिक मिलन में शामिल हुए थे।