POK के लोगों के साथ मार्च निकाल अशांति फैलाना चाहता है पाकिस्तान, भारतीय सेना भी तैयार

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 03 अक्टूबर 2019, 9:03 PM (IST)

नई दिल्ली। भारत ने 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 को समाप्त कर दिया था। साथ ही जम्मू कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित करने का फैसला लिया गया था। इसके बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान इस मसले पर समर्थन हासिल करने के लिए कई देशों के आगे गुहार लगा चुके हैं, लेकिन चीन को छोडक़र कोई भी उनके साथ नहीं है।

यहां तक कि संयुक्त राष्ट्र में भी इस मुद्दे पर उनकी भद्द पिट गई थी। अब पाकिस्तान दूसरा हथकंडा अपनाना चाह रहा है। वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के लोगों का सहारा लेने की तैयारी में है। भारतीय सेना के सूत्रों का कहना है कि पाक आर्मी ने पीओके के स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक मार्च निकालने की तैयारी की है।

यह मार्च पीओके से लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) तक निकालने की तैयारी है। पाकिस्तान ने आर्टिकल 370 पर कश्मीर में अशांति फैलाने के मकसद से यह तैयारी की है। इस बीच भारतीय सेना ने पाक आर्मी की ओर से प्रायोजित इस मार्च को फेल करने की तैयारी कर ली।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे