सभी वर्ग के लोगों को टिकट देगी कांग्रेस - कुमारी सैलजा

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 21 सितम्बर 2019, 6:20 PM (IST)

चंडीगढ़/महेन्द्रगढ़। हरियाणा चुनाव में कांग्रेस पार्टी नए चेहरों, नौजवानों, महिलाओं और अनुभवी लोगों को मौका देगी। उम्मीदवारों के नाम पर जल्द फैसला लिया जाएगा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने स्थानीय रामलीला ग्राउंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विशाल सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मनोहर लाल सरकार से बुरी तरह परेशान है। उनके अहंकार ने युवा, महिला, दलित, किसान, व्यापारी सबको निराश किया है। सरकारी होर्डिंग और अखबारों के विज्ञापन में जो हवा हवाई दावे किए जा रहे हैं, जमीनी सच्चाई उसके ठीक उलट है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बता रहा है कि जनता सबका हिसाब करने जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव का बिगुल बज गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुटता से लोगों के घर घर जाने की जरुरत है। अपनी बात बतानी है ताकि 21 अक्टूबर को लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान के लिए आएं। प्रदेश में 24 अक्टूबर को चुनाव परिणाम की घोषणा के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है।



उन्होंने कहा कि किसानों को उपज के भुगतान के लिए 2020 का चेक दिया जा रहा है। युवाओं को नौकरी के नाम पर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। हर वर्ग के लोग परेशान हैं। दिल्ली में कारपोरेट को छूट का ऐलान हो रहा है, राज्य में अन्नदाता की लूट हुई है। इनके विकास से दावों की पोल पट्टी खुल गई है। रोजगार नहीं मिलने से युवा परेशान है। उद्योग-धंधों की हालत खराब है। कल कारखाने बंद हो रहे हैं। सरकारी तंत्र की मिलीभगत से अवैध खनन का धंधा फलफूल रहा है। प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग 152 डी के लिए सरकार किसानों की जमीन कौडिय़ों के मोल अधिग्रहण करना चाहती है। मुआवजा बढ़ोतरी के लिए दादरी जिले के 17 गांवों के किसान 26 फरवरी से धरने पर बैठे हैं। मगर सरकार किसानों की जायज मांगों को पूरा नहीं कर रही। मुआवजा बढ़ोतरी को लेकर धरना दे रहे चार किसानों की सदमे के कारण मौत हो गई जबकि एक किसान ने धरना स्थल पर जहर खाकर जान दे दी। लेकिन निर्मम सरकार ने एक नहीं सुनी। अब जनता 21 अक्टूबर को कांग्रेस पार्टी के हक में ईवीएम का बटन दबाकर हिसाब चुकता करेगी।

उन्होंने स्थानीय समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि राय मलिकपुर बॉर्डर से नांगल चौधरी, नारनौल, महेंद्रगढ़ से दादरी होते हुए भिवानी जिले के गांव खरक तक बनने वाले नार्थ साऊथ कॉरिडोर को रद्द कर दिया गया। दादरी से नारनौल तक सडक़ का बुरा हाल है। अधिकांश नहरों की टेल तक पानी नहीं पहुंचता। किसानों की फसलें सिंचाई के अभाव में बर्बाद हो चुकी है। भाजपा सरकार ने दादरी को तीन साल पहले जिला बना दिया। मगर विकास के नाम पर एक र्इंट तक नहीं लगी। तीन साल में जिले के लिए कोई विशेष पैकेज भी नहीं मिला। क्षेत्र में ओवरलोडिंग वाहन मालिकों से करोड़ों रुपये का घोटाला उजागर हुआ। जिसमें विधायक व मंत्री का नाम सामने आया था। मगर सरकार ने दादरी के उपायुक्त व एडीसी का तबादला कर मामले को दबा दिया गया।

दलितों के प्रति सरकार का रुख दमनकारी है। दिल्ली में संत रविदास के 400 साल पुरानी मंदिर को तोड़ दिया गया। जबसे मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार बनी है, हरियाणा में कोई भी वर्ग सकून से नहीं है।

इस मौके पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मनोहर लाल सरकार ने प्रदेश को बनाने के बजाए लूटने- खसोटने का काम किया है। पहले से ज्यादा भ्रष्टाचार है। बेरोजगारी है। अपराध है। हर वर्ग के लोग परेशान है। अच्छी बात है कि लोग जल्द ही परेशानी से निजात पाने जा रहे हैं। कार्यकर्ता सम्मेलन को भिवानी की पूर्व सांसद श्रुति चौधरी, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, राव दान सिंह, चौधरी रणबीर महेन्द्रा समेत क्षेत्र के सभी पूर्व कांग्रेस विधायकों ने संबोधित किया।




ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे