महाराष्ट्र और हरियाणा की चुनाव तारीखों का ऐलान बाकी, दोनों राज्यों में आचार संहिता लागू हुई

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 21 सितम्बर 2019, 08:37 AM (IST)

नई दिल्ली। चुनाव आयोग आज यानी शनिवार को महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। चुनाव आयोग आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा करेगा। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र दौरे से लौटने के बाद शुक्रवार को एक समीक्षा बैठक की जिसमें दोनों राज्यों में अंतिम चुनाव तैयारियों पर मुहर लगा दिया है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद आचार सहिंता भी लग सकती है। चुनाव आयोग की आज की बैठक में मतदाता सूची, सुरक्षा, अधिकारियों की तैनाती, इवीएम, वीवीपैट जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

2 नवंबर से पहले चुनाव की प्रक्रिया होगी संपन्न...
हरियाणा में मौजूदा विधानसभा की अवधि 2 नवंबर तक की है जबकि महाराष्ट्र में 9 नवंबर तक। ऐसे में चुनाव आयोग को 2 नवंबर से पहले चुनाव की पूरी प्रक्रिया को संपन्न करना होगा। हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटें और महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। दोनों राज्यों में एक से दो चरण में चुनाव की संभावना है। हरियाणा में एक चरण और महाराष्ट्र में एक से दो चरण में चुनाव कराया जा सकता है।

झारखंड विधानसभा चुनाव की बाद में होगी घोषणा...

झारखंड विधानसभा का चुनाव फिलहाल इलेक्शन ने नहीं कराने का फैसला किया है। झारखंड में 5 जनवरी को मौजूदा विधानसभा की अवधि खत्म होगी, ऐसे में चुनाव आयोग के सामने चुनाव कराने के लिए 3 महीने का वक्त मौजूद है। महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव संपन्न होने के बाद झारखंड में चुनाव आयोग विधानसभा चुनाव की घोषणा करेगा।

चुनाव के तारीखों के ऐलान से पहले अधिकारियों की बैठक...

इस साल महाराष्ट्र-हरियाणा और झारखंड विधानसभा चुनाव के तारीखों के ऐलान से पहले शुक्रवार को तीनों चुनाव आयुक्तों और आयोग के आला अधिकारियों की बैठक हुई। गुरुवार को तीनों चुनाव आयोग महाराष्ट्र के दौरे पर गए थे और चुनाव तैयारियों की समीक्षा की थी। आयोग के सूत्रों के मुताबिक, दोनों आयुक्त महाराष्ट्र दौरे से गुरुवार दोपहर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त गुरुवार देर शाम दिल्ली लौट आए। इसके बाद शुक्रवार को चुनाव तैयारियों पर अंतिम बैठक हुई। इस बैठक के बाद आज आयोग चुनाव कार्यक्रम का ऐलान करेगा।

कुछ राज्यों में उपचुनाव का भी आयोग कर सकता है ऐलान...

कई राज्यों में विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होना है। महाराष्ट्र और हरियाणा की चुनाव घोषणा के साथ आयोग उपचुनाव की घोषणा भी कर सकता है। कई राज्यों में विभिन्न वजहों से विधानसभा की सीटें खाली हुई हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे