दौसा में खौफनाक वारदात, अदालत में महिला की चाकू मारकर की हत्या

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 18 सितम्बर 2019, 3:08 PM (IST)

दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में न्यायालय परिसर में पेशी के लिए आई एक महिला की उसके पति ने चाकूओं से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना के बाद न्यायालय परिसर में हडक़म्प मच गया। जिस महिला पर हमला हुआ है उसका नाम शीला देवी बताया जा रहा है। शीला पर अपनी ही बेटी को बेचने का आरोप था। इसी सिलसिले में वह कोर्ट में पेशी पर आई थी।

महिला का भाई इस दौरान उसके साथ था। कोर्ट परिसर में ही महिला के पति अमरचंद ने उसपर चाकू से हमला बोल दिया। उसने शीलादेवी पर एक-दो नहीं बल्कि चाकू से 15-20 वार किए। इस हमले में महिला बुरी तरह से लहूलुहान हो गई। घायल महिला को तुरंत दौसा के राजकीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी अमरचंद को गिरफ्तार कर लिया है।

कोर्ट परिसर में हुए इस हत्याकांड के बाद न्यायिक अधिकारी भी अपने कक्षों से बाहर आ गए। वहीं स्थानीय वकीलों ने भी कोर्ट परिसर में हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। वकीलों का कहना है कि पुलिस ने खून से लथपथ महिला को अस्पताल ले जाने में तत्परता नहीं दिखाई, उल्टे जो वकील महिला को अस्पताल ले जा रहे थे उनके साथ भी बदसलूकी की। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वकीलों ने खासी नारेबाजी भी की।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे