पंजाब में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने पहुंची केंद्रीय टीम

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 12 सितम्बर 2019, 8:00 PM (IST)

चंडीगढ़। पंजाब के कई जिलों में आई बाढ़ के नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम के सदस्यों ने गुरुवार को पंजाब सरकार के अधिकारियों से मुलाकात की।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव अनुज शर्मा के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम ने मोहाली में अधिकारियों से मुलाकात कर राज्य के हालात पर चर्चा की।

विशेष मुख्य सचिव (राजस्व) करणबीर सिंह सिद्धू ने टीम को बाढ़ से हुई तबाही के अलावा राज्य द्वारा किए गए राहत कार्यो के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने 1,219.23 करोड़ रुपये के नुकसान के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि सतलज, ब्यास और रावी नदियों के क्षेत्र में आने वाले जिलों में बाढ़ की वजह से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। इन जिलों में शहीद भगत सिंह नगर, रोपड़, जालंधर, कपूरथला, फिरोजपुर, लुधियाना, मोगा, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के विशेष प्रधान सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह ने टीम को राज्य सरकार द्वारा किए गए राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी।

इस दौरान अलग-अलग विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई नुकसान की रिपोर्ट केंद्रीय टीम को सौंपी गई। केंद्रीय टीम को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार उपायुक्तों द्वारा 66.07 करोड़ रुपये, बिजली विभाग द्वारा 5.37 करोड़, लोक निर्माण विभाग द्वारा 172.83 करोड़ रुपयों का नुकसान बताया गया। इसके अलावा ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 38.72 करोड़, विकास विभाग द्वारा 577.7 करोड़ और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 72.64 करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया है।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे