Chandrayaan 2 : छत्तीसगढ़ के मंत्री बोले, मोदीजी चंद्रयान-2 लॉन्च करने गए, वह भी फेल हो गया

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 09 सितम्बर 2019, 8:47 PM (IST)

रायपुर। चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम के चांद पर दिखने के बाद इसरो के वैज्ञानिक लगातार उससे संपर्क की कोशिश में जुटे हैं। इधर इस मुद्दे पर राजनीति भी शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ के फूड और सिविल सप्लाई मंत्री अमरजीत भगत ने चंद्रयान-2 को 'असफल' करार देते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

एएनआई रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्री अमरजीत भगत ने कहा, 'अभी तक मोदीजी केवल दूसरे के किए कामों में फीता काटते थे, उद्घाटन करते थे, वाहवाही लेते थे। पहली बार चंद्रयान-2 लॉन्च करने गए और वह भी फेल हो गया।' हालांकि मंत्री अमरजीत लैंडिंग को लॉन्चिंग बता खुद ही घिर गए और लोग अब उनकी खिंचाई कर रहे हैं।

बता दें कि बीते हफ्ते शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चांद की सतह पर चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम की लैंडिंग देखने इसरो के बेंगलुरु स्थित मुख्यालय पहुंचे थे। हालांकि महज 2.1 किलोमीटर पहले लैंडर का मुख्यालय से संपर्क टूट गया था।

रविवार को इसरो चीफ के. सिवन ने बताया कि चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने चांद की सतह पर लैंडर को खोज निकाला है और अब उससे संपर्क स्थापित किया जा रहा है। सोमवार को यह भी पता चला कि लैंडर क्रैश नहीं हुआ, बस चांद की सतह पर हल्का तिरछा हुआ है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे