चंद्रयान-2 को लेकर नागपुर पुलिस ने किया ट्वीट, लिखा-कुछ तो बोलो 'विक्रम', नहीं काटेंगे चालान

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 09 सितम्बर 2019, 5:57 PM (IST)

नागपुर। भारत का सबसे महत्वाकांक्षी अतंरिक्ष मिशन चंद्रयान-2 को लेकर पूरी दुनिया की निगाहें इसरो की तरफ थी। चंद्रयान-2 को 6 सितंबर की देर रात चांद पर सॉफट लैंडिंग करनी थी, लेकिन अपना लक्ष्य पूरा करने से पहले ही रुक गया। चंद्रयान -2 चांद से 2.1 किमी की ऊंचाई पर था तभी, विक्रम लैंडर का संपर्क इसरो से टूट गया।

ये खबर आते ही इसरो सहित पूरा देश दुखी हो गया। वहीं, पीएम मोदी ने भी इस मौके पर इसरो वैज्ञानिकों की हौसला अफजाई की थी और कहा था कि देश को अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है। इस बीच नागपुर पुलिस का एक ट्वीट काफी वायरल हो रहा है। असल में नागपुर पुलिस ने एक ट्वीट कर कहा है कि विक्रम लैंडर वापस आ जाओ।

नागपुर शहर पुलिस ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'प्रिय विक्रम , कृपया जवाब दो, हम तुम्हारा चालान सिग्नल तोड़ने के लिए नहीं करेंगे।' पुलिस के इस ट्वीट को काफी सराहा जा रहा है। इस ट्वीट को अब तक 11 हजार लोगों ने पसंद किया, तो वहीं 3 हजार से अधिक लोगों ने रीट्वीट किया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

गौरतलब है कि चंद्रयान-2 को शुक्रवार देर रात करीब 1:30 से 2:30 बजे के करीब चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करनी थी। लेकिन जब चंद्रयान -2 चांद से 2.1 किमी की ऊंचाई पर था तभी, विक्रम लैंडर का संपर्क इसरो से टूट गया। संपर्क टूटने के बावजूद सबसे अच्छी बात यहा है कि ऑर्बिटर अभी भी चांद की कक्षा में मौजूद है। हालांकि, इसरो ने अपने ताजा बयान में कहा है कि चंद्रयान -2 का सिग्नल न मिलने के कारण भले ही वह सॉफ्ट लैंडिंग करने में सफल नहीं हो पाया है, लेकिन उसे अभी कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुई है।

ऑर्बिटर द्वारा इसरो को मिली जानकारी के मुताबिक चंद्रमा की सतह पर क्रैश लैंडिंग की वजह से उसका एंटीना दब गया और इस वजह से उसका संपर्क नहीं मिल पा रहा है। इसरो ने कहा कि वह विक्रम लैंडर से संपर्क साधने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास कर रहा है।