Rajasthan: कलराज मिश्र आज लेंगे राज्यपाल पद की शपथ

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 09 सितम्बर 2019, 08:53 AM (IST)

जयपुर। राज्य के मनोनीत राज्यपाल कलराज मिश्र (Kalraj Mishra ) आज दोपहर 1.10 बजे राजभवन में राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, कलराज मिश्र आज दोपहर 1.10 बजे राजभवन में राज्यपाल पद की शपथ लेंगे राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद दोपहर दो बजे राजभवन के सभा कक्ष में मीडिया के प्रतिनिधियों से भी बात करेंगे।

इससे पहले रविवार शाम मनोनीत राज्यपाल कलराज मिश्र राजकीय वायुयान से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर वायुयान से उतरते ही मनोनीत राज्यपाल मिश्र का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सूत की माला भेंट कर स्वागत किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

एयरपोर्ट पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित मंत्री मण्डल के सदस्यगण, मुख्य सचिव डी.बी. गुप्ता, पुलिस महानिदेशक डॉ. भूपेन्द्र यादव सहित वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने मनोनीत राज्यपाल की अगवानी की।

मंत्री मण्डल के सदस्यों का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मनोनीत राज्यपाल मिश्र से परिचय कराया। इस मौके पर मनोनीत राज्यपाल को आर.ए.सी. की बटालियन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया। मनोनीत राज्यपाल मिश्र ने सलामी ली और सम्मान गारद का निरीक्षण किया।

एयरपोर्ट पर मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्र का स्वागत मुख्यमंत्री के सचिव कुलदीप रांका ने किया। मनोनीत राज्यपाल कलराज मिश्र का जयपुर राजभवन में अतिथि गृह पहुंचने पर भाव-भीना स्वागत किया। राजभवन में मनोनीत राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राज्यपाल कल्याण सिंह ने भी कलराज मिश्र का स्वागत किया।