अवैध खनन गतिविधियों पर लगाम के लिए करें कड़ी कार्रवाई: उपायुक्त

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 30 अगस्त 2019, 6:50 PM (IST)

धर्मशाला। उपायुक्त कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने जिला में अवैध खनन गतिविधियों पर पूरी तरह से नकेल कसने के लिए सभी सम्बन्धित अधिकारियों को सख्ती से निपटने को कहा है। उन्होंने कहा कि अवैध एवं अवैज्ञानिक खनन से सरकारी राजस्व को नुकसान के साथ पर्यावरण को भी हानि होती है।

उपायुक्त आज अवैध खनन गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को खनन माफिया द्वारा अवैध खनन के लिए खड्डों के लिए बनाए रास्ते बंद करने के लिए तुरंत कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को अवैध खनन रोकने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिये।

इस दौरान जिला खनन अधिकारी राजीव कालिया ने बैठक का संचालन किया। उन्होंने अवगत करवाया कि विभिन्न विभागों ने अवैध खनन के मामलों में कार्रवाई करते हुए अप्रैल 2018 से जुलाई 2019 तक 2917 मामले सामने आए हैं। इनमें से 2617 मामले कंपाउंड हुए हैं। तथा इनमें करीब 1 करोड़ 78 लाख 27 हजार 650 रुपए चालान किया गया है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन, सहित समस्त उपमण्डलाधिकारी, आरटीओ मेजर विशाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा खनन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे