Arun Jaitley: आडवाणी बोले, जेटली खाने के बहुत शौकीन थे और मुझे अच्छे रेस्तरां के बारे में बताते थे

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 25 अगस्त 2019, 08:27 AM (IST)

नई दिल्ली। देश के पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली (Arun Jaitley) का शनिवार को 66 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और दिल्ली के एम्स में भर्ती थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी (LK Advani)ने भी अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जेटली का जाना भाजपा को ही नहीं पूरे राष्ट्र का नुकसान हुआ है। इसके अलावा लाल कृष्ण आडवाणी ने बताया कि जेटली खाने के बहुत शौकीन थे और मुझे अच्छे रेस्तरां के बारे में बताते थे। आडवाणी ने आगे बताया कि वे प्रत्येक दिवाली पर अपने परिवार के साथ मेरे घर आते थे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने बताया कि मैं अरुण जेटली के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। अरुण जेटली एक शानदार वकील होने के साथ एक बेहतर सांसद और एक महान प्रशासक भी के गुण थे।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आडवाणी ने आगे कहा कि वह दशकों से पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे, जब मैं भाजपा अध्यक्ष था तो उन्हें पार्टी की कोर टीम का सदस्य बनाया गया था और बहुत कम समय में वह पार्टी के प्रमुख नेता बन गए थे। अरुण जेटली को उनके तेज, विश्लेषणात्मक दिमाग के लिए जाना जाता था और भाजपा में हर कोई हमेशा जटिल मुद्दों के समाधान खोजने के लिए उन पर निर्भर रहता था। उन्होंने राजनीति के क्षेत्र से अलग दोस्तों को भी काफी महत्व देते थे।

लाल कृष्ण आडवाणी ने आगे कहा कि एक व्यक्ति के रूप में, अरुण जेटली को एक मृदुभाषी, प्रफुल्लित और अच्छे व्यक्ति के रूप में याद किया जाएगा।
आडवाणी ने आगे कहा कि अरुण जेटली पिछले कुछ हफ्तों से अस्पताल में भर्ती थे, हमें उम्मीद थी कि वह जल्द ठीक हो जाएंगे। उनके जाने से मुझे निजी नुकसान हुआ है और ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।