Jagannath Mishra: पूर्व CM जगन्नाथ मिश्रा का निधन, बिहार में 3 दिन का राजकीय शोक

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 19 अगस्त 2019, 11:03 AM (IST)

दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा (Jagannath Mishra) का सोमवार को निधन हो गया है। उनका निधन दिल्ली में हुआ है। वे बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्रा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए बिहार में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। साथ ही कहा कि पूर्व सीएम का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।


पिछले कई दिनों से जगन्नाथ मिश्रा का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। 82 साल के जगन्नाथ मिश्रा डॉ. मिश्रा 1975 में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। दूसरी बार उन्हें 1980 में कमान सौंपी गई और आखिरी बार 1989 से 1990 तक बिहार के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

बिहार के पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्रा ने राजनीति से पहले अपने करियर की शुरुआत व्याख्याता के तौर पर की थी। बाद में उन्होंने बिहार यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर के तौर पर अपनी सेवाएं दी। उनके निधन की खबर बिहार पहुंचने के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।

डॉ़ मिश्र की पहचान बिहार की राजनीति में दिग्गज नेता के रूप में होती थी। बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके मिश्र की बचपन से ही राजनीति में रुचि थी। उन्होंने कॉलेज के प्रोफेसर के रूप में अपना करियर प्रारंभ किया परंतु इसके बाद वे राजनीति में आ गए और कांग्रेस में शामिल हो गए।
डॉ़ मिश्र केंद्रीय मंत्री का भी दायित्व संभल चुके थे। वे वर्तमान में जनता दल (युनाइटेड) में थे।