Article 370 : पाक PM इमरान की बौखलाहट नहीं हो रही कम, दी यह चेतावनी

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 15 अगस्त 2019, 2:14 PM (IST)

नई दिल्ली। भारत सरकार द्वारा जम्मू और कश्मीर से आर्टिकल 370 (Article 370) हटाए जाने के बाद से ही पाकिस्तान की नींद उड़ी हुई है। भारत ने यह कदम उठाकर पूरी दुनिया को कड़ा संदेश दिया है। इससे उसकी स्थिति काफी मजबूत हुई है। हालांकि हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की बौखलाहट बढ़ती ही जा रही है।

उन्हें किसी भी देश का समर्थन नहीं मिला है। वे इस मसले पर लगातार अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। गुरुवार को एक बार फिर उनकी लाचारी देखने को मिली। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि कश्मीर में पिछले 12 दिनों से कफ्र्यू है और पहले से ही सैन्य बल से लैस क्षेत्र में अतिरिक्त सैन्य टुकड़ी की तैनाती की गई है। वहां पूरी तरह से कम्युनिकेशन ब्लॉक है?

इमरान ने ट्वीट में लिखा कि क्या दुनिया खामोश होकर सरेब्रेनिका की तरह का दूसरा नरसंहार देखेगी और भारतीय अधिकृत कश्मीर में नस्लीय सफाया होने देगी। मैं अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चेतावनी देना चाहता हूं कि अगर ऐसा होने दिया जाता है तो फिर मुस्लिम दुनिया में इसकी गंभीर प्रतिक्रिया और नतीजे देखने को मिलेंगे। इससे धार्मिक कट्टरपंथ और हिंसा के घटनाक्रम बढ़ जाएंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

गौरतलब है कि जुलाई 1995 में सरेब्रेनिका नरसंहार में सात हजार बोस्नियाई मुसलमान मारे गए थे। बोस्नियाई सर्ब सुरक्षा बलों द्वारा पूर्वी बोस्निया और हर्जेगोविना के शहर सरेब्रेनिका में की गई कार्रवाई में 20 हजार आम नागरिकों को इलाका छोडक़र भागना पड़ा था। यह यूरोप में दूसरे विश्व युद्ध के बाद के सबसे बड़ा नरसंहार के रूप में देखा जाता है।

इससे पहले इमरान खान ने 14 अगस्त को पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर सदन में कहा था कि हमारी सेना तैयार है और अगर कुछ हुआ तो हम जवाब देंगे। अगर भारत और पाकिस्तान के बीच जंग के हालात बनते हैं, तो इसके लिए दुनिया और संयुक्त राष्ट्र जिम्मेदार होगा।