जयपुर में उपद्रव के मामले में 15 लोग गिरफ्तार, 5 मुकदमें दर्ज - डीजीपी

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 14 अगस्त 2019, 3:51 PM (IST)

जयपुर। प्रदेश के महानिदेशक पुलिस भूपेंद्र सिंह ने बताया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जयपुर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति नियंत्रण में है तथा सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सिंह बुधवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित मीडिया वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस व त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किये गए हैं।

उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर छोटी घटनाओं के कारण शहर के कुछ क्षेत्रों में माहौल तनावपूर्ण हुआ। अब स्थिति नियंत्रण में है एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से तनाव को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय शांति समिति सदस्यों तथा सीएलजी की बैठके आयोजित कर स्थिति को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं ।
भूपेंद्र सिंह ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए अफवाओं पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया। प्रकरण में पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं तथा 15 लोगों को गिरफ्तार गया है। शरारती तत्वों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्यवाही की जा रही है।

मीडियावार्ता के दौरान महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था एम.एल. लाठर, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध बी.एल. सोनी एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आसूचना उमेश मिश्रा भी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे