लंदन में शोभा यात्रा के साथ संपन्न हुआ 3 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 12 अगस्त 2019, 4:38 PM (IST)

चंडीगढ़ । लंदन में चल रहे 3 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव 11 अगस्त को भव्य शोभा यात्रा के साथ संपन्न हुआ। तीसरे और अंतिम दिन राम मंदिर साउथ पोल लंदन से शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा का शुभारंभ हरियाणा सरकार के प्रतिनिधि और प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने नारियल फोड़ कर किया। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के स्थानीय लोगों के अलावा ब्रिटिश मूल के निवासियों के साथ दुनियाभर के कई देशों के गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।
इस सद्भावना रथ यात्रा में उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने श्रीमद्भागवत गीता को अपने माथे पर रख कर दुनिया को ये संदेश दिया कि यही वो ग्रंथ है जिससे विश्व शांति का संदेश प्रसारित प्रचारित होगा और इसी ग्रंथ से विश्व में शांति स्थापित होगी। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल जब शोभा यात्रा की अगुआई करते हुए सडक़ों पर निकले तो लोग गीता के सम्मान में श्रद्धा से नतमस्तक हुए बिना नहीं रुक पाए। शोभा यात्रा जब लंदन की सडक़ों पर निकली एक बार तो ये महसूस हुआ कि ये लंदन की सडक़ें ना हो कर बल्कि भारत का कोई धार्मिक शहर है। ढ़ोल मजीरों की मधुर आवाज से सभी झूम उठे।
हरियाणा सरकार के आमंत्रण पर स्वामी शरणानन्दजी महाराज, स्वामी ज्ञानानंद महाराज और स्वामी परमात्मा नंद जी महाराज भी गीता जयंति महोत्सव शोभा यात्रा में शामिल हुए। पवित्र धर्म ग्रंथ गीता जिसे वैज्ञानिक भी स्वीकारते हैं, ऐसे ग्रंथ के प्रचार प्रसार के लिए हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के भव्य आयोजन को यादगार बनाने में हरियाणा सरकार और उद्योग मंत्री विपुल गोयल के साथ हरियाणा के राज्यपाल श्सत्य नारायण आर्य के प्रतिनिधि उनके सचिव विजय दहिया, हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, ओएसडी अमरेंद्र सिंह, करनाल की महापौर रेणूबाला गुप्ता, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारीगण और संसदीय सचिव विनोद भ्याना ने भी भरपूर सहयोग दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे