राज्य स्तरीय संस्कृत दिवस एवं विद्व्त सम्मान समारोह 14 अगस्त को

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 11 अगस्त 2019, 10:06 PM (IST)

जयपुर। राज्य स्तरीय संस्कृत दिवस एवं विद्वत सम्मान समारोह 14 अगस्त को जयपुर के रविंद्र मंच पर प्रातः 10:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रति वर्ष श्रावण पूर्णिमा पर पूरे भारत में संस्कृत दिवस मनाया जाता है।

समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की गरिमामय उपस्थिति में संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार एवं इसकी सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विद्वानों को सम्मानित किया जाएगा।

समारोह के संयोजक एवं महाराजा आचार्य संस्कृत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. भास्कर शर्मा ने बताया कि संस्कृत भाषा के एक विद्वान को संस्कृत साधना शिखर सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसमें एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि के अतिरिक्त शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। दो विद्वानों को 51-51 हजार रुपए पुरस्कार राशि के साधना सम्मान प्रदान किए जाएंगे। 6 विद्वानों को 31-31 हजार रुपए पुरस्कार राशि के संस्कृत विद्वत सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। चार युवा विद्वानों को 21- 21 हजार रुपए की पुरस्कार राशि के संस्कृत युवा प्रतिभा सम्मान प्रदान किए जाएंगे। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दो भामाशाह को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही एक विशिष्ट सम्मान भी प्रदान किया जाएगा।

समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री श्री भंवर सिंह भाटी, शिक्षा राज्य मंत्री श्री गोविंद सिंह डोटासरा, संस्कृत शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सूचना एवं जनसंपर्क राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग, प्रमुख शासन सचिव स्कूल एवं संस्कृत शिक्षा आर. वेंकटेश्वरन, निदेशक संस्कृत शिक्षा हरजी लाल अटल एवं संस्कृत व भाषा के विद्वानों की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। पूरे प्रदेश से संस्कृत प्रेमी इस समारोह में सम्मिलित होंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे