CM मनोहर लाल ने सुषमा स्वराज को दी श्रद्धांजलि

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 अगस्त 2019, 7:09 PM (IST)

चण्डीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मनोहर लाल ने सुषमा स्वराज को हरियाणा की बेटी बताते हुए कहा कि वे एक अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नेत्री थी। वे हम सभी को अचानक छोडक़र चली गई, यह हम सभी के लिए दु:ख का क्षण है। उनका हरियाणा से विशेष स्नेह था, उनके जाने से हम सभी को भारी क्षति हुई है। समय-समय पर हम हरियाणा के संदर्भ में उनसे चर्चा करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका व्यक्तित्व अत्यंत संवेदनशील था। विदेश मंत्री के रूप में वे अप्रवासी भारतीयों की प्रत्येक समस्या का अंतराष्ट्रीय स्तर पर समाधान करवाती थी। वे अत्यंत ही योग्य नेत्री थी और सदैव जनता की सेवा में लगी रहती थी। मनोहर लाल ने प्रार्थना की कि प्रभु दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा तथा वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने भी सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन से समाज व राजनीति में आई शून्यता को भर पाना कठिन है। उन्होंने अपने कार्य क्षेत्र में आदर्श स्थापित किए हैं। हमें समय-समय पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार व विधायक सुभाष बराला ने भी सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे