Sushma Swaraj : CM योगी, राज्यपाल आनंदीबेन, अखिलेश, मायावती ने जताया शोक

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 अगस्त 2019, 12:59 PM (IST)

लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सुषमा स्वराज का मंगलवार रात को हृदयाघात के कारण नई दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुषमा स्वराज एक संवेदनशील नेता थीं, जिन्होंने लंबे समय तक देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनके निधन से राजनीति के एक युग का अंत हो गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, वह एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थीं। वह मुखर वक्ता एवं संसदीय कार्य प्रणाली की अच्छी जानकार थीं। वह अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करती थीं। सभी दल के लोग उनका सम्मान करते थे।

योगी ने आगे कहा, भारत सरकार की मंत्री के रूप में उनकी सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा। विदेश मंत्री के तौर पर उन्होंने विदेश में रहने वाले भारत के नागरिकों को तेजी से मदद और राहत उपलब्ध कराने का अविस्मरणीय कार्य किया था। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इसके अलावा बसपा प्रमुख मायावती ने भी ट्वीट कर सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, बीजेपी की वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री रहीं सुषमा स्वराज के अचानक निधन की खबर अति दुखद है। वह काफी कुशल राजनीतिज्ञ व प्रशासक ही नहीं, बल्कि एक अति मिलनसार महिला थीं। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, दुखद! श्रीमती सुषमा स्वराजजी का निधन अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों को शक्ति दे। कुशल नेतृत्व एवं उत्कर्ष कार्यकुशलता के लिए सुषमा जी हमेशा स्मरणीय रहेंगी। शत् शत् नमन। विनम्र श्रद्घांजलि। भाजपा नेता सुषमा स्वराज के निधन के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना चित्रकूट दौरा रद्द कर दिया है। वह दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय जाएंगे, जहां वह उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्घांजलि देंगे।