अलवर: ग्रामीणों पर की गौ तस्करों ने फायरिंग, एक गौ तस्कर को जमकर पीटा, हालत गंभीर

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 31 जुलाई 2019, 09:53 AM (IST)

अलवर। प्रदेश के अलवर जिले में एक बार फिर गौ तस्करी का मामला सामने आया है। गौ तस्करों को ग्रामीणों की ओर से रोकने का प्रयास पर गौ तस्करों ने ग्रामीणों पर गोलियां बरसाई। इसके बाद ग्रामीणों ने एक गौ तस्कर को दबोच कर जमकर धुन दिया। इसके बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, गौ तस्कर सलीम खान की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि गौ तस्करों के द्वारा की गई फायरिंग में जीतराम को सीने में गोली लगी है, उसका भतीजा रामजीत भी घायल हो गया है। इसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

पुलिस के अनुसार पहाड़ी गांव के पास से तीन तस्कर 10-15 गायों को पैदल ही ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने गाय ले जाने के बारे में पूछताछ की। इसके बाद गौ तस्करों ने तुरंत ही ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया और लोगों ने एक गौ तस्कर को दबोच कर जमकर पिटाई कर दी। वहीं इस घटना में दो ग्रामीण भी घायल हो गए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गौ तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम भेजी गई है और इस मामले का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।