मुख्यमंत्रियों ने मादक पदार्थों की बिक्री पर अंशुक लगाने के लिए प्लेटफार्म किया तैयार

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 25 जुलाई 2019, 9:17 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने युवाओं, विशेषकर उत्तरी राज्यों में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति को गंभीरता से लिया और इसके लिए उन्होंने गत वर्ष उत्तरी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को एक प्लेटफार्म पर लाकर मादक पदार्थों की बिक्री व इसके कारोबारियों पर अंकुश लगाने के लिए सांझा रणनीति तैयार करने की पहल की थी और उसी कड़ी में आज पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्द्र सिंह ने आज उत्तरी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के दूसरे सम्मेलन का आयोजन किया जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ लडऩे के लिए महाराष्ट्र के मकोका की तर्ज पर हकोका अधिनियम बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा आज चंडीगढ़ में आयोजित नशे पर अंकुश लगाने के लिए पांच राज्यों, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के मुख्यमंत्रियों और दिल्ली, जम्मू कश्मीर तथा केन्द्र शासित प्रदेश चण्डीगढ़ के प्रतिनिधियों के बुलाए गए सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की लत वास्तव में गंभीर चिंता का विषय है। इसलिए युवाओं को नशे के मकडज़ाल से बाहर निकालने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उनके आज को बचाना अति आवश्यक है। यह लड़ाई राजनीतिक लड़ाई न होकर एक सामाजिक समस्या है तथा सभी राज्यों को सांझा रणनीति बनाकर लडऩी होगी। इसके लिए राज्यों की सीमाएं आगे नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें नशे की आपूर्ति करने वाले लोगों की चेन को तोडऩा होगा है और इसके सभी राज्यों को एक सांझा डाटाबेस तैयार करना होगा वह चाहे नशा तस्करों का हो या नशे का प्रयोग करने वाले लोगों का हो।

सम्मेलन को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्द्र सिंह, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री टी.एस. रावत, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, जम्मू कश्मीर के राज्यपाल के सलाहकार के.के.शर्मा, केन्द्र शासित प्रदेश चण्डीगढ़ के पुलिस महानिदेशक संजय बेनिवाल व दिल्ली के विशेषकर पुलिस अधीक्षक सतीश गलोचा ने भी सम्बोधित किया और हरियाणा के मुख्यमंत्री द्वारा नशे के खिलाफ लड़ाई लडऩे के लिए की गई पहल का स्वागत किया और कहा कि यह एक अच्छी पहल है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस विषय पर मुख्यमंत्रियों के अगले सम्मेलन की मेजबानी मार्च, 2020 में शिमला में करने की पेशकश की।

बाद में, सभी राज्यों की ओर से बनी सहमति पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्द्र सिंह ने संयुक्त ब्यान प्रस्तुत किया। सम्मेलन में हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एस.एस.प्रसाद, पुलिस महानिदेशक मनोज यादव, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सीआईडी अनिल राव के अलावा अन्य राज्यों के वरिष्ठï प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे