लिलेट ने भारतीय सिनेमा की प्रथम महिला को दी श्रद्धांजलि

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 24 जुलाई 2019, 7:59 PM (IST)

मुंबई। भारतीय सिनेमा की प्रथम महिला के रूप में लोकप्रिय दिवंगत अभिनेत्री देविका रानी (Devika Rani) की कहानी को अब अभिनेत्री-निर्देशक लिलेट दुबे (Lillete Dubey) अपने निर्देशन के माध्यम से एक नाटक के रूप में दिखाएंगी।

नाटक में अभिनेत्री इरा दुबे ने देविका रानी का किरदार निभाया है और जॉय सेनगुप्ता और ऋषि खन्ना जैसे अभिनेता उनके सह-कलाकार के रूप में हैं। नाटक किश्वर देसाई द्वारा लिखा गया है।

यह नाटक एक स्वतंत्र, महत्वाकांक्षी महिला के जीवन और संघर्ष पर केंद्रित है। लंदन से अभिनय की पढ़ाई करने वाली देविका ने हर बार अपनी उपस्थिति से पर्दे पर आग लगाई है।

स्टार परफॉर्मर होने के साथ ही उन्हें अपने पेशेवर और निजी जिंदगी में पुरुष अहंकार और सामाजिक दबाव जैसी कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ा। नाटक में उन सभी उतार-चढ़ाव को दिखाया गया है।

लिलेट ने कहा, ‘‘देविका रानी सभी पुरुष व महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं। वह अपने दौर में महिलाओं की महत्वाकांक्षाओं के लिए डटकर खड़ी हुईं। इस नाटक के माध्यम से उनके साहस को एक छोटी सी श्रद्धांजलि देना, मेरे लिए एक सम्मान और खुशी की बात है।’’

शोहाउस द्वारा आयोजित नाटक का प्रदर्शन पुणे, कोलकाता, मुंबई, दिल्ली, गुरुग्राम और बेंगलुरू में किया जाएगा।

(आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे