नए भारत के निर्माण में निर्यातकों की भूमिका महत्त्वपूर्ण - जय राम ठाकुर

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 21 जुलाई 2019, 5:22 PM (IST)

शिमला । मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि निर्यातक आर्थिक प्रगति में सुधार के लिए महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है तथा भारत सरकार द्वारा आर्थिकी को पांच ट्रिलियन तक पहुंचाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में निर्यातकों का योगदान निर्णायक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ कठिनाइयों के बावजूद निर्यातकों पर नए भारत के निर्माण में योगदान देने का महान दायित्व है, जिसके लिए उन्हें उत्साह तथा दृढ़ इच्छा शक्ति से कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री इंजीनियरिंग एक्सपोर्टस प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (ईईपीसी) के क्षेत्रीय पुरस्कार समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि विश्व का भारत को देखने का नजरिया पिछले कुछ वर्षों में बदला है तथा देश केन्द्र में मजबूत नेतृत्व के कारण विश्व की सुदृढ़ आर्थिकी बनकर उभर रहा है। भारत के इंजीनियरिंग निर्यात ने पिछले दो वर्षों में नई ऊंचाइयां प्राप्त की है। वित्त वर्ष 2018-19 में देश का निर्यात 81.02 बिलियन डॉलर तक पहुंचा जबकि वित्त वर्ष 2017-18 में निर्यात 7.02 बिलियन डॉलर था। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की कि उत्तरी क्षेत्र ने देश के कुल इंजीनियरिंग निर्यात में 26 प्रतिशत का योगदान दिया है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देश में निवेशकों का सबसे पसंदीदा गंतव्य बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे है। प्रदेश सरकार ‘व्यापार में सुगमता’ में सुधार के निरंतर कार्य कर रही है, जो भारत सरकार की रैकिंग में भी प्रदर्शित हो रहा है। राज्य सरकार इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में 85 हजार करोड़ के निवेश लक्ष्य के साथ धर्मशाला में ग्लोबल इंवेस्टर मीट आयोजित कर रही है। प्रदेश ने पहले ही 25 हजार करोड़ से ज्यादा के मूल्य के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए है, जिसके लिए प्रदेश के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय स्तर पर रोड शो के माध्यम से निवेशकों से मुलाकात की।



मुख्यमंत्री ने उत्तरी क्षेत्र के निर्यात पुरस्कार की सात श्रेणियों के 84 विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने विजेताओं को उनके उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए बधाई दी, जिनमें कुछ निर्यातक हिमाचल प्रदेश से भी शामिल थे।