बारिश से बिगड़े हालात, असम में 7 की मौत, बिहार में बाढ़ जैसे हालात

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 14 जुलाई 2019, 11:31 AM (IST)

नई दिल्ली/बिहार। असम, बिहार, उत्‍तर प्रदेश, महाराष्‍ट्र समेत देश के कई राज्‍यों में मॉनसूनी बारिश का दौर जारी है। असम और उत्‍तरी बिहार में बाढ़ जैसे हालात हैं। असम और बिहार के उत्तरी हिस्सों और नेपाल के तराई क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के बाद कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे राज्य के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

बिहार के दरभंगा और मधुबनी समेत कई जिलों में बाढ़ का कहर जारी है। दर्जनों गांवों में पानी घुस गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। वहीं असम में आधे से अधिक जिले ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियों में आई बाढ़ के कारण जलमग्न हैं। मौसम विभाग ने राज्‍य के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। उत्‍तर प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश के कारण के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

असम में 7 मौतें, 4.23 लाख लोग प्रभावित...

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

असम में 7 मौतें, 4.23 लाख लोग प्रभावित...
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के आधे से अधिक जिले ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों में आई बाढ़ के पानी में जलमग्न हैं। इसकी वजह से अब तक सात लोगों की मौत हो गई है और राज्य के 4.23 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

बाढ़ के पानी की वजह से लुमडिंग-बदरपुर पर्वतीय खंड में ट्रेन सेवाएं नियंत्रित करनी पड़ीं हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार प्रभावित जिलों में धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ, नलबाड़ी, चिरांग, गोलाघाट, माजुली, जोरहाट, डिब्रूगढ़, नगांव, मोरीगांव, कोकराझार, बोंगाईगांव, बक्सा, सोनितपुर, दर्रांग और बारपेटा शामिल हैं। इसके अनुसार बारपेटा में हालत गंभीर है, जहां 85,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

रेल पटरियों पर पानी...

रेल पटरियों पर पानी...
इस बीच, बिहार में बाढ़ जैसे हालात देखते हुए कई स्थानों पर रेल पटरियों पर पानी चढ़ जाने से रेल यातायात बाधित हुआ है। राज्य में भारी बारिश कोसी और सीमांचल के क्षेत्रों में तबाही लेकर आई है। कोसी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे कई क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घुस गया है। वीरपुर बैराज के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के मुताबिक, शनिवार को कोसी के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इधर, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि विभाग पूरी तरह अलर्ट है।

अररिया और पूर्णिया के इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। वहां एनडीआरएफ को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं भारी बारिश के चलते नेपाल से निकलने वाली नदियों ने चंपारण में तबाही मचानी शुरू कर दी है। लालबकेया, बागमती और बूढ़ी गंडक ने चंपारण, शिवहर और मुजफ्फरपुर के कई गांवों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है।

पूर्वी चंपारण के कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। दरभंगा, वैशाली और मुजफ्फरपुर में भी विभिन्न नदियों के उफान के कारण कई गांवों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। तटबंध पर बसे गांवों के लोगों का पलायन शुरू हो गया है। कई जिलों में में बाढ़ को लेकर अलर्ट कर दिया गया है।

देश के अन्‍य हिस्‍सों में भी बारिश...

देश के अन्‍य हिस्‍सों में भी बारिश...
बारिश ने पंजाब और हरियाणा के बड़े हिस्सों को भी प्रभावित किया, जिससे अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया। लगातार हो रही बारिश ने उत्तर बंगाल में सामान्य जीवन को खतरे में डाल दिया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो रही है और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हो रहा है। मौसम विभाग ने ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, मध्‍य प्रदेश और जम्‍मू-कश्‍मीर के कुछ हिस्‍सों में हल्‍की से भारी बारिश की चेतावनी दी है।