दिल्ली: झिलमिल इलाके की फैक्ट्री में लगी आग,3 लोगों की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 जुलाई 2019, 12:41 PM (IST)

नई दिल्ली। दिल्ली के झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह आग लगने से तीन लोगों की मौत हाे गई। शनिवार सुबह यहां के रबर फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। इस हादसे के बाद आस-पास अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस का कहना है कि चार मंजिला इमारत में आग पर पिछले 4 घंटे से काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। 26 फायर टेंडर मौके पर मौजूद हैं। कई लोगों के अब भी मौके पर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मरने वालों में एक सुपरवाइजर भी शामिल हैं। जो फैक्ट्री मालिक का साला बताया जा रहा है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी दिल्ली के झिलमिल इलाके में स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

फैक्ट्री से निकाली गई दो महिलाओं और एक युवक को अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि तीनों धुएं की चपेट में बेहोश हो गए थे। तीनों की भी मौत हो गई।