मुख्यमंत्री 13 जुलाई को जनरल सगत सिंह के स्मृतिलेख का करेंगे अनावरण

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 11 जुलाई 2019, 5:18 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री, अशोक गहलोत शनिवार, 13 जुलाई को जनरल सगत सिंह के स्मृतिलेख का अनावरण करेंगे। यह अनावरण जनरल सगत सिंह, पीवीएसएम के जन्म शताब्दी पर होने वाले कार्यक्रमों का एक हिस्सा है।

इस स्मृतिलेख का अनावरण प्रातः 10.30 बजे झारखंड मोड़ (जनरल सगत सिंह मार्ग और क्वींस रोड के चौराहे) पर किया जाएगा। इसके पश्चात पुष्पांजलि का कार्यक्रम भी होगा। इस कार्यक्रम में जयपुर के सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी भी शामिल होंगे।

इसी प्रकार रविवार, 14 जुलाई को सप्त शक्ति ऑडिटोरियम में लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला (जीओसी 10 कॉर्प्स), लेफ्टिनेंट जनरल जी. एस. सिहोटा (रिटायर्ड), जनरल ओ. पी. कौशिक (रिटायर्ड) और सैकंड लान्सर्स के कैप्टन गज सिंह (रिटायर्ड) द्वारा मेमोरियल लैक्चर आयोजित किए जाएंगे। जनरल सगत सिंह पर आधारित ये लैक्चर सायं 4.30 बजे से सायं 7.30 बजे तक होंगे। वर्ष 1971 के युद्ध में फाइटर पायलट के तौर पर शामिल होने वाले स्वर्गीय राजेश पायलट के पुत्र, सचिन पायलट भी समारोह में भाग लेंगे।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान के चुरू जिले में जन्में जनरल सगत सिंह ने गोवा (1961) और बांग्लादेश (1971) की आजादी के अतिरिक्त 1967 में नाथुला में चीन के साथ हुई झड़प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे