लोकसभा चुनाव में हार पर राज्य प्रभारियों संग बैठकें कर रहे राहुल

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 24 जून 2019, 5:03 PM (IST)

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन की समीक्षा के लिए पार्टी के राज्य प्रभारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं।

कांग्रेस के शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल.पुनिया से चर्चा करने के कुछ दिनों बाद शुक्रवार को राज्य के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंह देव से चर्चा की। वह आज शाम को पुनिया से फिर मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष महाराष्ट्र के प्रभारी मल्लिकार्जुन खडग़े से बुधवार को और दिल्ली के प्रभारी पी.सी.चाको से शुक्रवार को मिलेंगे।

कांग्रेस छत्तीसगढ़ की 11 संसदीय सीटों में से सिर्फ दो पर जीत हासिल कर सकी है।

महाराष्ट्र में कांग्रेस 48 लोकसभा सीटों में से सिर्फ एक सीट जीतने में कामयाब रही है। पार्टी राष्ट्रीय राजधानी की सात संसदीय सीटों में सभी हार गई।

कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की, लेकिन इस प्रस्ताव को कांग्रेस कार्यकारिणी ने अस्वीकार कर दिया। इससे पार्टी अब नेतृत्व के संकट से जूझ रही है। (आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे