कबीर सिंह में शाहिद कपूर की है कमाल की एक्टिंग, कर रही बढिय़ा बिजनेस

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 23 जून 2019, 5:53 PM (IST)

कलाकार : शाहिद कपूर, कियारा आडवाणी, अर्जन बाजवा, कामिनी कौशल, सुरेश ओबेरॉय
निर्देशक : संदीप रेड्डी वांगा
अवधि : 2 घंटे 55 मिनट


इस हफ्ते शुक्रवार को चॉकलेटी हीरो के रूप में मशहूर शाहिद कपूर की फिल्म कबीर सिंह रिलीज हुई। इसमें शाहिद के अपोजिट एक्ट्रेस कियारा आडवाणी हैं। कबीर सिंह सुपरहिट तेलुगू फिल्म अर्जुन रेड्डी का हिंदी रीमेक है। मूल फिल्म में शाहिद के किरदार को अभिनेता विजय देवारकोंडा ने निभाया था। फिल्म की कहानी की बात करें तो कबीर सिंह (शाहिद कपूर) नशे की हालत में घर से निकाला हुआ बर्बादी की कगार पर पहुंच चुका एक होनहार सर्जन है।

कहानी फ्लैशबैक में जाती है, जहां पता चलता है कि कबीर गुस्से पर काबू नहीं कर सकने वाला एक ऐसा छात्र है, जो टॉपर होने के साथ-साथ फुटबॉल का चैंपियन भी है। उसकी हरकतों के कारण उसे कॉलेज से सस्पेंड कर दिया जाता है। वह कॉलेज छोडऩे वाला ही होता है कि उसकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल जाती है।

उसे कॉलेज में प्रीति सिक्का (कियारा) से पहली नजर में ही प्यार हो जाता है। वह पूरे कॉलेज में ऐलान कर देता है कि प्रीति उसकी है और उसकी तरफ आंख उठाकर देखने वाले की वह आंखें फोड़ देगा। हालांकि बाद में हालात कुछ ऐसे बनते हैं कि प्रीति की शादी कहीं और हो जाती है। इसके आगे भी कई ड्रामे देखने को मिलते हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

सनकी आशिक के रूप में शाहिद ने कमाल की एक्टिंग की है। शाहिद पहले भी इस तरह के जटिल किरदारों को जीवंत बना चुके हैं। कियारा बेहद खूबसूरत लगी हैं और उन्होंने कम स्क्रीन स्पेस के बावजूद आंखों से अभिनय किया है। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड म्यूजिक दमदार है।

संगीतकार सचेत-परंपरा के संगीत में बेखयाली गाना खूब हिट हो रहा है। मिथुन का संगीतबद्ध गीत तुझे कितना चाहने लगे भी लोगों के दिलो-दिमाग पर राज कर रहा है। फिल्म को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं और इसने शुरुआती दो दिन में ही 42.92 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। ट्रेड एनालिस्ट सुमित कादेल का मानना है कि यह तीसरे दिन रविवार को भी 27 करोड़ रुपए तक कमा लेगी।