टाइम लाइन में पूरा हो रिफाइनरी का काम माॅडल के रूप में करें विकसित: मुख्यमंत्री

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 21 जून 2019, 9:57 PM (IST)

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार तथा एचपीसीएल के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि पचपदरा में स्थापित की जा रही रिफाइनरी सह-पेट्रोकेमिकल काॅम्प्लेक्स परियोजना को 4 वर्ष की तय समय सीमा में पूरा कर मिसाल पेश करेें। उन्होंने कहा कि यह रिफाइनरी राज्य की सबसे महत्वपूर्ण परियोजना है। इसे एक माॅडल रिफाइनरी के रूप में विकसित किया जाए।

गहलोत शुक्रवार को रिफाइनरी की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने परियोजना की अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए इन्हें चरणबद्ध रूप से समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये। युवाओं को बड़ी आशा, कौशल विकास केन्द्र और आईटीआई भी स्थापित करें।

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि रिफाइनरी से राज्य के युवाओं को बड़ी आशा है। इसे देखते हुए पचपदरा एवं जोधपुर में उच्चस्तरीय कौशल विकास केन्द्रों की स्थापना की जाए तथा रिफाइनरी क्षेत्र में एक आईटीआई भी स्थापित की जाए, जहां युवाओं को पेट्रो-केमिकल एवं इससे जुड़े उत्पादों के निर्माण से संबंधित गाइडेंस और प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी के आसपास पेट्रो-केमिकल उत्पादों की खपत के लिए इंडस्ट्रीयल काॅरीडोर भी विकसित किया जाए। इससे रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

स्थानीय निवासियों की सुविधा का रखें पूरा ध्यान
गहलोत ने कहा कि रिफाइनरी में बड़ी संख्या में लोग काम करेंगेे, उनके लिए सुविधाजनक टाउनशिप विकसित करने के साथ ही सभी सुविधाओं से युक्त अस्पताल एवं स्कूल की स्थापना भी की जाए। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी के कार्यों के दौरान स्थानीय निवासियों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

जोधपुर-बाड़मेर नेशनल हाइवे पर विकसित करें वे-साइड फेसिलिटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिफाइनरी के कारण जोधपुर-बाड़मेर के बीच भारी यातायात बढ़ेगा, इसे देखते हुए इस राष्ट्रीय राजमार्ग को 6 लेन का बनाने के साथ ही वे-साइड फेसिलिटी जैसे पार्किंग, होटल, रेस्टोरेंट और वाहन चालकों के लिए विश्राम एवं भोजन आदि की सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने कहा कि बालोतरा से पचपदरा तक रेल सुविधा विकसित करने के भी प्रयास किए जाएं।
बैठक में एचपीसीएल के सीएमडी एम.के सुराणा ने रिफाइनरी की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना को अक्टूबर, 2022 तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके निर्माण से करीब 40 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रूप से एवं करीब 60 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों के लिए अब तक करीब 10 हजार करोड़ रूपये के टेंडर जारी हो चुके हैं और 1 हजार 348 करोड़ रूपये खर्च भी किए जा चुके हैं। रिफाइनरी की आंतरिक सड़कों और बिटुमिन काॅरपेट का काम पूरा हो चुका है।

सुराणा ने बताया कि करीब 27 किलोमीटर की चारदीवारी में से 20 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। सभी 12 लाइसेंस यूनिट के लैटर आॅफ एक्सपटेंस जारी होने के साथ ही 9 लाइसेंस यूनिट के बेसिक डिजाइन इंजीनियरिेंग पैकेज का काम भी पूरा हो गया है। साथ ही 5 लाइसेंस यूनिट के इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट कन्स्ट्रक्शन एण्ड कमिशनिंग काॅन्ट्रेक्ट की एनआईटी जारी कर दी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि रिफाइनरी का काम तेजी से चल रहा है और इसे समय सीमा में पूरा किया जाएगा।

बैठक में खान मंत्री प्रमोद जैन भाया, मुख्य सचिव डी.बी. गुप्ता, मुख्यमंत्री के सलाहकार गोविन्द शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम सुदर्शन सेठी, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त निरंजन आर्य, प्रमुख शासन सचिव राजस्व संजय मल्होत्रा, रीको के प्रबन्ध निदेशक गौरव गोयल एवं जोधपुर, बाड़मेर एवं जैसलमेर के जिला कलक्टर सहित अन्य उच्चाधिकारी तथा एचपीसीएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।