जयपुर । प्रदेश के प्रमुख शासन सचिव एमएसएमई आलोक ने कहा है कि राजस्थान लघु उद्योग निगम (राजसिको) अब नेशनल अवार्डी दस्तकारों के उत्पादों को विपणन के लिए राजस्थली में विक्रय के लिए स्थान उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि निर्णय की अनुपालना में राजसिको द्वारा बाड़मेर के अजरख प्रिंट की बृहद् श्रृृंखला के लिए राजस्थली में स्थान उपलब्ध करा दिया गया है।
प्रमुख शासन सचिव एमएसएमई आलोक ने बताया कि प्रदेश के नेशनल अवार्डी दस्तकारों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की पहल राजसिको द्वारा आरंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि राजस्थली में अजरख प्रिंट के नेशनल अवार्डी राणामल खत्री को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अजमेरी गेट स्थित राजस्थली पर अब अजरख प्रिंट की साडि़यां,बेड़ कवर, दुप्पटा, ड्रेस मेटेरियल और अन्य उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई है।
उद्योग आयुक्त डॉ. कृृष्णा कांत पाठक ने बताया कि राजसिको द्वारा अपनाए जा रहे इस नवाचार से प्रदेश के हस्तशिल्प को बाजार उपलब्ध होने के साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार भी हो सकेगा। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा प्रदेश के हस्तशिल्प के संरक्षण व संवर्द्धन के लिए योजनावद्ध तरीके से कदम उठाए जा रहे हैं वहीं इन कलाओं से जोड़ने के लिए उद्यम प्रोत्साहन संस्थान और भारतीय शिल्प संस्थान द्वारा शिक्षा शाला जैसे नवाचार आरंभ किए जा रहे हैं।
राजसिको की प्रबंध संचालक शकुंतला सिंह ने बताया कि राजसिको के इस निर्णय से दस्तकारों एवं आमउपभोक्ताओं के बीच सीधा संवाद कायम हो सकेगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे