भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में फैसला, जेपी नड्डा को बनाया कार्यकारी अध्यक्ष

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 जून 2019, 8:33 PM (IST)

नई दिल्ली। वरिष्ठ नेता जगत प्रकाश नड्डा को सोमवार को यहां आयोजित संसदीय बोर्ड की बैठक में भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में यह फैसला लिया गया। इस मौके पर गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद थे।

इस मौके पर वहां उपस्थित रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि शाहजी के नेतृत्व में भाजपा ने कई चुनाव जीते। लेकिन जब प्रधानमंत्री ने उन्हें गृह मंत्री नियुक्त किया तो शाहजी ने खुद कहा कि पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी और को दी जानी चाहिए। भाजपा संसदीय बोर्ड ने जेपी नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष चुना है। सूत्रों का कहना है कि शाह दिसंबर तक अध्यक्ष बने रहेंगे।

मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में स्वास्थ्य मंत्री रहे नड्डा को इस बार सरकार में शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद से ही माना जा रहा था कि पार्टी में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। नड्डा फिलहाल शाह के मार्गदर्शन में ही कामकाज देखेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे