आतंकवाद पर वैश्विक सम्मलेन के PM मोदी के प्रस्ताव पर फ्रांस का मिला साथ

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 10 जून 2019, 5:02 PM (IST)

नई दिल्ली। फ्रांस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आतंकवाद के खतरे से निपटने के लिए एक वैश्विक सम्मेलन रखने के प्रस्ताव का स्वागत किया है। भारत दौरे पर आए फ्रांस के यूरोप एवं विदेश मामलों के मंत्री जीन बापटिस्ट लेमोयन ने सोमवार को बताया कि आतंकवाद के खिलाफ फ्रांस हमेशा भारत के साथ है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मालदीव की संसद को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने जलवायु परिवर्तन के खतरे पर कई वैश्विक समझौते और कई सम्मेलन किए हैं तो आतंकवाद के मुद्दे पर भी सम्मलेन क्यों नहीं हो सकता।


लेमोयन ने बताया कि आतंकवाद से लड़ने की हर एक पहल का स्वागत है क्योंकि यह विश्व के प्रत्येक देश के लिए खतरा बना हुआ है। इसलिए प्रयासों को एकजुट करने के लिए जो कुछ संभव है उसका स्वागत है। आतंकवाद जलवायु परिवर्तन की तरह एक चुनौती है। हम इस कदम पर करीब से गौर करेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

लेमोयन ने राफेल डील पर कहा कि फ्रांस सरकार को इन विवादों से फर्क नहीं पड़ता। हम सिर्फ इसकी आपूर्ति चाहते हैं। यह दोनों देशों के राष्ट्रीय हित में है। हम चाहते हैं कि भारत और फ्रांस और संप्रभु बनें। उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी लड़ाकू विमान सितंबर में भारत पहुंचेगा और यह नई दिल्ली-पैरिस सहयोग का एक मजबूत संकेत होगा।