राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित इन हस्तियों ने गिरीश कर्नाड के निधन पर शोक जताया

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 10 जून 2019, 3:10 PM (IST)

नई दिल्ली। ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता, जाने-माने नाटककार व अभिनेता गिरीश कनार्ड का सोमवार को बेंगलुरू स्थित उनके घर में निधन हो गया। वह 81 साल के थे।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य प्रमुख हस्तियों ने अभिनेता के निधन पर शोक जताया है।

कोविंद ने कहा, ‘‘भारतीय रंगमंच के प्रख्यात कलाकार, लेखक और अभिनेता गिरीश कर्नाड के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। हमारी सांस्कृतिक दुनिया आज पहले से कम समृद्ध हो गई। उनके परिवार और उनके काम का अनुसरण करने वाले तमाम लोगों के प्रति मेरी संवेदना।’’

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘गिरीश कर्नाड को सभी माध्यमों में उनके बहुमुखी अभिनय के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने अपने पसंदीदा चीजों को भी जुनून के साथ अभिव्यक्त किया। आने वाले वर्षों में उनका काम लोकप्रिय बना रहेगा। उनके निधन से दुखी हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’

अन्य हस्तियों ने भी कर्नाड के निधन पर गहरा शोक जताया है।

लेखक रामचंद्र गुहा : नाटककार, अभिनेता, संस्था-निर्माता और देशभक्त, गिरीश कर्नाड एक महान व्यक्ति थे। उन्हें जानना मेरे लिए सौभाग्य की बात है और उनके नाटकों को देखना और उनके काम को पढऩा और भी ज्यादा सौभाग्य की बात है। मैंने उनके 80वें जन्मदिन पर उनके सम्मान में यह लिखा था।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

अभिनेता कमल हासन : गिरीश कर्नाड, उनकी पटकथाएं, दोनों विस्मयकारी हैं और मुझे प्रेरित करती हैं। अपने पीछे वह कई प्रेरित प्रशंसकों को छोड़ गए हैं, जो लेखक हैं। इनके काम शायद इस बड़ी क्षति की आंशिक रूप से भरपाई कर सकें।

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला : साहित्यकार, उत्कृष्ट अभिनेता, निर्देशक, नाटककार और एक्टिविस्ट गिरीश कर्नाड का निधन भारतीय रचनात्मक क्षेत्र में कभी न भरने वाला एक खालीपन छोड़ गया। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।


राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत : दिग्गज अभिनेता और रंगमंच व्यक्तित्व गिरीश कर्नाड का निधन एक बहुत दुखद समाचार है। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शांति मिले।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल : दिग्गज व ख्याति प्राप्त अभिनेता और नाटककार गिरीश कर्नाड के निधन की बहुत दुखद खबर सुबह आई। गिरीश जी के विचारों और कलात्मक योगदान को देश याद करेगा।


अभिनेता मनोज बाजपेयी : रंगमंच, सिनेमा और साहित्य की दुनिया के लिए बहुत बड़ा नुकसान। रचनात्मक दुनिया हमेशा उनकी ऋणी रहेगी। हमने अपनी प्रेरणा खो दी।


दिगग्ज अभिनेता को सलाम करते हुए, माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी महाराष्ट्र ने ट्वीट किया, ‘‘एक महान कलाकार, निर्देशक, लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता और एक मानवतावादी गिरीश कर्नाड को क्रांतिकारी सलाम। ऐसे शख्स जो धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र, समाजवाद, संविधान के मूल्यों को बनाए रखने के लिए डटे रहे।’’
(आईएएनएस)