उत्तर भारत में बारिश होने पर गर्मी से मिली राहत, केरल में आएगा मानसून 8 को

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 जून 2019, 09:39 AM (IST)

नई दिल्ली। भारत के उत्तर भारत में भीषण गर्मी से राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, केरल में भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान के धौलपुर जिले में तापमान 49 डिग्री पार कर गया है। गुरुवार शाम को हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 3-7 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है। दिल्ली में लू का कहर लगातार बना हुआ है। शहर के कुछ हिस्सों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर को छू गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि मानूसन की शुरुआत में एक सप्ताह की देरी से शुरू होगा और अब इसके आठ जून तक दस्तक देने की संभावना जताई है। माना जाता है कि एक जून को केरल में पहुंच जाता है और इसके साथ ही आधिकारिक तौर पर चार महीने के बारिश के मौसम का शुभारंभ हो जाता है।
आईएमडी ने मानसून को लेकर बताया कि उत्तर की तरफ धीरे-धीरे बढ़ने की अनुकूल संभावना के कारण आठ जून के आसपास केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत की संभावना है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे



दिल्ली में मई के आखिरी हफ्ते में गर्मी बढ़ने के साथ ही लू चलनी शुरू हो गई थी। एक जून से उत्तर पश्चिम भारत में पूर्व और दक्षिण-पूर्व की ओर से आ रही हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट महसूस की गई है। दिल्ली में उच्चतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।



मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में आगमन में चार-पांच दिन की देरी की संभावना जताई है। हालांकि शहर में बारिश के सामान्य रहने का अनुमान है।

राजस्थान में लू का दौर जारी

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो दिन की अपेक्षा गुरुवार को एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। लू चलने से भीषण गर्मी का दौर जारी है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान धौलपुर में रहा है। वहां तापमान में 49 डिग्री पर रहा है। कोटा में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 46.9, बाड़मेर में 45.3, बीकानेर में 45.2, जयपुर में 45, अजमेर—श्रीगंगानगर में 44.7—44.7, जैसलमेर—जोधपुर में 44.6—44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।


जम्मू में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

बुधवार रात में हुई हल्की बारिश के बाद ओडिशा में तापमान कुछ डिग्री सेल्सियस नीचे गया. राज्य में सबसे ज्यादा तापमान सम्बलपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेलंगाना के अदिलाबाद में सबसे ज्यादा तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तराखंड में गढ़वाल क्षेत्र के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में कमी आई है। गत कई दिनों से भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को राहत मिली। देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश और पौडी में रूक-रूक बारिश हुई, जबकि ऋषिकेश के पास तपोवन और तीन धारा जैसे स्थानों पर ओले भी गिरे।