महारानी गायत्री देवी की 100वीं जन्म शताब्दी पर होंगे कई आयोजन

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 21 मई 2019, 11:44 AM (IST)

जयपुर। महारानी गायत्री देवी की 100वीं जन्म शताब्दी पर विविध आयोजनों की श्रृंखला मंे 26 मई को बिड़ला ऑडिटोरियम में जयश्री पेडिवाल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के छात्रों की ओर से महारानी गायत्री देवी की बायोपिक का नृत्य नाटिका के माध्यम से मंचन किया जाएगा। उनके पौत्र देवराज सिंह और लालित्य कुमारी और महारानी गायत्री देवी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा शताब्दी वर्ष में अनेक आयोजन करवाये जा रहे है। यह जानकारी आयोजन सचिव, मुकेश मिश्रा ने दी।

मुकेश मिश्रा ने आगे बताया कि यूं तो हमारे देश में अनेक राजे रजवाड़े और रानियां हुए हैं कुछ ने अपनी तलवार के बल पर नाम कमाया और कुछ ने अपनी राजशाही से, लेकिन महारानी गायत्री देवी ने महिला सशक्तिकरण, परोपकार, राजनीति और जयपुर के विकास में ऐसे अनेक काम किए जिन्हें जयपुर वासी आज तक नहीं भूल पाए हैं। नारी सशक्तिकरण के प्रति किए गए उनके कार्यों को आज भी याद किया जाता है। राजनीति में रहते हुए वे तीन बार जयपुर से सांसद चुनी गई एक बार कुल 246,516 मतों में से उन्हें 192,909 वोट प्राप्त हुए। यह न केवल जयपुर वासियों का उनके प्रति स्नेह था अपितु इसने एक रिकाॅर्ड कायम किया जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकाॅर्ड में दर्ज किया गया है। उनके निर्देश पर किस प्रकार जयपुर का मास्टर प्लान बदला, किस तरह से महिलाएं घूंघट से बाहर आई यह सारा वृतांत इस नाटिका के माध्यम से बताया जाएगा ताकि महारानी गायत्री देवी की यादों को स्थाई बनाया जा सके।

पर्दे के पीछे से जहां महारानी गायत्री देवी की गौरव गाथा बताई जाएगी वहीं नाटिका के माध्यम से उन्हें स्वरूप से प्रस्तुत किया जाएगा। नाटिका की परिकल्पना जयश्री पेडिवाल ग्रुप ऑफ स्कूल्स ने की है, इसमें कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राएं महारानी गायत्री देवी की बाल अवस्था से युवावस्था तक के किरदार प्रांजल फेनिन आयशा का चित्रण रितुवी तोलानी निभाएंगी। वहीं महाराजा मानसिंह की भूमिका में सारांश और राजमाता के रूप में नव्या शर्मा स्टेज पर अवतरित होंगी। इस वय के दौरान महारानी साहिबा और महाराजा साहब का पोलो के प्रति प्रेम भी दर्शाया जाएगा साथ ही आपात काल के दौरान उनके तिहाड़ जेल में कटे पांच माह की जीवनचर्या का प्रदर्शन भी होगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे