धोनी ने संन्यास के बाद की रणनीति के दिए संकेत, वीडियो वायरल

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 21 मई 2019, 11:13 AM (IST)

नई दिल्ली। भारत को दो विश्व कप दिला चुके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर काफी चर्चा होती आई है और खुद धोनी ने इस चर्चा को नए मोड़ पर पहुंचा दिया है। धोनी ने इस बात के संकेत दिए हैं कि वे संन्यास के बाद क्या कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में धोनी पेंटिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में धोनी ने अपनी कला की कुछ और झलकियां दी हैं।

वीडियों में धोनी तीन पेंटिंग दिखाते हुए कह रहे हैं कि मैं आप सभी के साथ एक रहस्य साझा करना चाहता हूं। बचपन से ही मैं एक आर्टिस्ट बनाना चाहता था। मैंने काफी क्रिकेट खेली है और अब फैसला किया है कि अब समय आ गया है कि मैं वो करूं जो मैं करना चाहता था इसलिए मैंने पेंटिंग की। पहली पेंटिंग लैंड्सस्केप की है और दूसरी पेंटिंग को धोनी ने बताया है कि वह यातायात का साधन हो सकती है।

धोनी ने तीसरी पेंटिंग को अपनी पसंदीदा बताया है। यह पेंटिंग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स की ड्रेस में बल्लेबाजी करने की है। ऐसा माना जा रहा है कि धोनी इंग्लैंड एंड वेल्स में 30 मई से शुरू हो रहे वनडे क्रिकेट के बाद संन्यास ले सकते हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे