प्रज्ञा की उम्मीदवारी 'भगवा आतंक' शब्द के खिलाफ ‌'सत्याग्रह' : अमित शाह

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 17 मई 2019, 5:51 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपाध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को भोपाल सीट से पार्टी उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर की उम्मीदवारी का बचाव किया और कहा कि भगवा आतंक के फर्जी मामले के खिलाफ यह एक सत्याग्रह था। उन्होंने कहा कि कारण बताओ नोटिस पर उनके जवाब के बाद पार्टी उचित कार्रवाई करेगी।


शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "प्रज्ञा ठाकुर की उम्मीदवारी भगवा आतंक के एक फर्जी मामले के खिलाफ एक सत्याग्रह है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने वोटबैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता किया था। उनकी उम्मीदवारी इसके खिलाफ एक सत्याग्रह था।"


कुल 142 जनसभाओं को मोदी ने इस चुनाव में संबोधित किया है और 4 रोड शो किये। इन जनसभाओं में अनुमानित 1 करोड़ 50 लाख से ज्यादा लोगों के साथ नरेन्द्र मोदी ने संपर्क स्थापित किया है।

शाह ने कहा कि बंगाल में भाजपा के 80 कार्यकर्ता मारे गए हैं। हम तो पूरे देश में चुनाव लड़ रहे हैं, कहीं और हिंसा क्यों नहीं होती है। हमारे कारण हिंसा होती तो देश के हर हिस्से में होती। मीडिया को ममता दीदी से पूछना चाहिए कि वहीं ऐसा क्यों होता है।

शाह ने कहा कि देश के गरीब, किसान, महिला, गांव, शहर समाज के हर वर्ग को हमारी सरकार की 133 योजनाओं ने छुआ है। 133 योजनाओं के आधार पर देश में नई चेतना की जागृति हुई है। ये पहला ऐसा चुनाव है जहां विपक्ष की ओर से महंगाई और भ्रष्टाचार चुनाव के मुद्दे नहीं थे। बहुत समय बाद देश की जनता ने ऐसा चुनाव देखा है जिसमें ये मुद्दे गायब थे।

हमने 50 करोड़ गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया है। उन्हें आधारभूत सुविधाएं देकर एहसास दिया है कि देश के विकास में उनकी भी हिस्सेदारी है। हमने बूथ और शक्ति केंद्रों की रचना के साथ जितने चुनाव आए लगभग सभी में हमने सफलता प्राप्त की। 2014 में हमारे पास 6 सरकारें थीं आज हमारे पास 16 सरकारें हैं।

मैं बहुत गर्व के साथ कह रहा हूं कि देश की आजादी के बाद सबसे ज्यादा परिश्रमी और विस्तृत चुनाव अभियान हमारे नेता नरेन्द्र मोदी ने किया है। शाह ने कहा कि भाजपा जनसंघ के समय से और भाजपा के बनने के बाद से संगठनात्मक तरीके से काम करने वाली पार्टी रही है। संगठन हमारे सभी कामों का प्रमुख अंग रहा है।

भाजपाध्यक्ष शाह ने कहा कि ये चुनाव आजादी के बाद के चुनाव में भाजपा की दृष्टि से सबसे ज्यादा मेहनत करने वाला, सबसे विस्तृत चुनाव अभियान रहा है। इस चुनाव में हमारा अनुभव के अनुसार जनता हमसे आगे आगे रही है। मोदी सरकार फिर से बनाने के लिए जनता का उत्साह भाजपा से आगे रहा है। देश के सम्मान को बढ़ाने का काम हमारी सरकार ने किया है। पूरी दुनिया में भारत को एक शक्ति के रूप में स्थापित करने का काम मोदी सरकार ने किया है।

भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत के साथ इन चुनावों में जीतेगी और सरकार बनाएगी। भाजपा इस बार 300 सीटों के पार जाएगी। अमित शाह ने कहा कि ये चुनाव सबसे विस्तृत चुनाव रहा है। हमने हर 15 दिन में एक योजना शुरू की।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे