मानसून 4 जून को देगा भारत में दस्तक, इसबार होगी कम वर्षा!

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 14 मई 2019, 6:48 PM (IST)

नई दिल्ली। मौसम का पूर्वानुमान करने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट ने इस बार मानसून के दो दिन की देरी से चार जून को केरल पहुंचने का पूर्वानुमान जारी किया है।

एजेंसी ने कहा है कि मानसून में बारिश 'सामान्य से कम' रह सकती है। साथ ही कहा है कि मानसून की गति सहज नहीं रहने की भी संभावना है क्योंकि पूरे भारत में इसकी प्रगति सुचारु रूप से नहीं होगी। मानसून के 'सामान्य से नीचे' 93 फीसदी रहने की संभावना है।

मॉनसून के लेट होने की खबर के साथ यह जानकारी भी मिली कि इसबार सामान्य से कम वर्षा होगी। स्काईमेट के सीईओ जतिन सिंह ने कहा, 'इस सीजन देश के सभी चार क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा होगी। पूर्व, पूर्वोत्तर और मध्य भारत में उत्तर पश्चिमी भारत और दक्षिण प्रायद्वीप के मुकाबले कम वर्षा होगी।'

एजेंसी के मुताबिक, मॉनसून 22 मई को अंडमान निकोबार द्वीप पहुंच सकता है। पिछले महीने भी स्काईमेट ने सीजन में सामान्य से कम वर्षा की बात कही थी।

पूरे चार महीने के मानसून के मौसम के दौरान देश में औसत या सामान्य वर्षा 50 साल के औसत के आधार पर 96 से 104 प्रतिशत के बीच परिभाषित की गई है।

(आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे