''पाक के पाले पोसे आतंकी हमला करते थे और ये निर्दोषों को जेल में ठूंस देते थे''

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 12 मई 2019, 5:44 PM (IST)

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को भोपाल पहुंचे। उन्होंने साध्वी प्रज्ञा के समर्थन में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीयत में खोट है। असल में आपका पैसा इन्होंने चुनाव प्रचार में उड़ा दिया है। केंद्र से आदिवासी बहनों और बच्चों के पोषक आहार के लिए जो पैसा भेजा गया था, वो भी इन्होंने नामदारों को चुनाव प्रचार के लिए दे दिया। पूरे देश ने इनके तुगलक रोड़ चुनाव घोटाले का सच देखा है।

पीएम ने कहा कि आप यहां मध्य प्रदेश में ही देख लीजिए। यहां एक ही पार्टी के ढाई यानी Two Point Five सीएम हैं। प्रशासन को भी पता नहीं चलता कि किसका आदेश मानना है। गुंडों, हत्यारों और डकैतों को खुला लाइसेंस दिया गया है।

इनको अगर जरा भी मौका मिला तो ये देश की रक्षा -सुरक्षा को खतरे में डाल देंगे और देश सुरक्षित नहीं होगा तो विकसित नहीं होगा। ये कितने भी हवन करा दें, ये कितने भी जनेऊ दिखा दें, पुलिस को भगवा ड्रेस भी सिलवा दें। लेकिन भगवा में जो आतंक के दाग लगाने की इन्होंने साजिश की है, उस पाप से ये बच नहीं पाएंगे।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पाले पोसे आतंकी जब यहां पर हमला करते थे तो ये निर्दोषों को जेल में ठूंस देते थे। हिंदू आतंकवाद का कुतर्क करने के लिए हमारी महान परंपरा का अपमान करने के लिए जो गंभीर षड्यंत्र इन लोगों ने वोट बैंक की राजनीति करने के लिए किया है। इसका जवाब आज इनको मिल रहा है।

मशहूर गायक किशोर कुमार जी तो इसी धरती के सपूत थे। आपातकाल के दौरान उन्होंने कांग्रेस के दबाव में आने से इनकार कर दिया था। बदले में कांग्रेस ने खंडवा के सपूत किशोर दा के गानों पर ही रोक लगवा दी थी।

भोपाल में हजारों लोगों को जहरीली गैस के हवाले कर दिया गया, कई पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया गया, इस कांड के गुनहगार को सरकारी विमान से भगा दिया गया। इस पर भी ये यही कहेंगे- हुआ तो हुआ।

1984 में सिखों के साथ अत्याचार हुआ और ये कहते हैं 'हुआ तो हुआ' और जो 1984 के दंगों में जनता का गुनहगार है उसे पंजाब का प्रभारी बनाया लेकिन वहां के लोगों ने विरोध किया तो उसे वहां से लाकर यहां आपका मुख्यमंत्री बना दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे