CBSE 12वीं के नतीजों का एलान, दिल्ली की सुकृति बनीं टॉपर

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 21 मई 2016, 09:10 AM (IST)

नई दिल्ली। सीबीएसई ने 12वीं क्लास के रिजल्ट्स का ऐलान शनिवार को कर दिया है। आईसीएसई और यूपी बोर्ड के बाद अब सीबीएसई बोर्ड में भी लड़कियों ने लडक़ों को पीछे छोड़ दिया है। अशोक विहार, दिल्ली के मॉन्टफर्ट स्कूल की छात्रा सुकृति गुप्ता ने 497 अंक हासिल करके सीबीएसई 12वीं में टॉप किया है। दूसरे नंबर पर कुरुक्षेत्र, हरियाणा के टैगोर पब्लिक स्कूल की पलक गोयल हैं जिनको 496 नंबर मिले हैं। तीसरे नंबर पर करनाल की सौम्या उपल हैं जिनको 495 नंबर मिले हैं। चौथे नंबर पर चेन्नै के अजीश हैं जिनको 495 नंबर मिले हैं।

परीक्षार्थी अपना रिजल्ट cbseresults.nic.in, results.nic.in और results.gov.in, www.cbse.nic.in पर देख सकते हैं।

जेईई के पहले रिजल्ट डिक्लेयर करने पर नाराजगी

जेईई से एक दिन पहले सीबीएसई का रिजल्ट आना उस पर निश्चित रूप से असर डालेगा। सीबीएसई जेईई से एक दिन पहले कैसे रिजल्ट का एलान कैसे कर सकता है? ट्विटर पर भी रिजल्ट को लेकर काफी पोस्ट किए जा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, जेईई एडवान्स्ड के पहले 12वीं का रिजल्ट डिक्लेयर करना कहीं से अच्छा आइडिया नहीं कहा जा सकता। सीबीएसई रिजल्ट का एलान 23 मई को होना चाहिए था। 17 मई को एचआरडी मिनिस्टर स्मृति ईरानी ने कहा था कि सीबीएसई के 10वीं और 12वीं के नतीजे मई के अंत से पहले आ जाएंगे।

इस साल से मिलेगी डिजिटल मार्कशीट

सीबीएसई के मुताबिक, हम इस साल से स्टूडेंट को 12वीं की डिजिटल मार्कशीट भी देंगे। www.digilocker.gov.in.पर डिजिलॉकर में जाकर ये मार्कशीट ली जा सकेगी। डिजिलॉकर अकाउंट्स की डिटेल्स स्टूडेंट्स को उनके मोबाइल पर एसएमएस के जरिए भेजी जाएंगी।