चुनाव के चार चरणों में चित होने के बाद अब कांग्रेस ने चला रही एक नया पैंतरा

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 05 मई 2019, 6:57 PM (IST)

धर्मशाला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने शहादत और हवाई हमले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी तरह यह साबित करने पर तुली है कि उसकी सरकारों ने भी हवाई हमला किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के पहले चार चरणों में चारों खाने चित होने के बाद अब कांग्रेस ने एक नया पैंतरा चला रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने बयान दिया कि हमारे समय में भी कई बार हवाई हमले किए गए। अब कांग्रेस किसी भी तरह यह साबित करने पर तुली है कि हमने भी लक्षित हमला किया था। उन्होंने कहा कि ‘ये कैसा हमला था, जिसके बारे में आतंकियों को कुछ नहीं पता, हमला करने वालों को कुछ नहीं पता, पाकिस्तान को कुछ नहीं पता और न देश की जनता को कुछ पता है।

सतपाल सत्ती ने कहा कि पहले इन्होंने कहा कि ऐसा कुछ होता ही नहीं है, पहले मजाक उड़ाया, जब देखा कि जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है तो विरोध करना शुरू कर दिया। अब तीसरा रास्ता अपनाने लगे कि हमने भी हमला किया था। पहले उपेक्षा, फिर विरोध और अब हमने भी किया था।

उन्होंने कहा कि वातानुकूलित कमरों में बैठकर कागज पर लक्षित हमला कांग्रेस ही कर सकती है। पहले कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि हमने तीन बार लक्षित हमला किया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस में ऐसे लोग है जो उम्र के किसी भी पड़ाव में वीडियो गेम खेलते रहते हैं और शायद लक्षित हमले को भी वीडियो गेम समझकर आनंद लेते होंगे।

सत्ती ने कहा कि चुनाव के चार चरण बीतते-बीतते चार महीने में ही कांग्रेस के लक्षित हमलों की संख्या जो पहले तीन थी, अब उनके एक बड़े नेता ने छह कर दी। शायद चुनाव पूरा होते-होते उनके गली मोहल्ले वाले कह देंगे अरे हम तो हर दिन हमला करते थे। झूठ बोलने में कांग्रेस नेता माहिर है। 23 मई को जब नतीजे आएंगे तो कांग्रेस को उसका असली चेहरा नजर आ जायेगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे