देश भर में मोदी लहर पिछली बार से भी ज्यादा तेज़ : बिक्रम सिंह ठाकुर

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 05 मई 2019, 6:35 PM (IST)

धर्मशाला। भारतीय जनता पार्टी के नेता उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में केन्द्र की मोदी सरकार के माध्यम से चलाए जा रहे विकास कार्याें को जारी रखने के लिए एक बार फिर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक समय भाजपा के प्रदेश प्रभारी रह चुके नरेन्द्र मोदी को हिमाचल प्रदेश से विशेष प्रेम है। वे प्रदेश के चप्पे-चप्पे से वाकिफ हैं और यही वजह है कि वे राज्य सरकार की उदारतापूर्वक आर्थिक सहायता करते रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि देश में वर्तमान परिस्थितियों में नरेन्द्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। विपक्षी पार्टीयों में सत्ता को लेकर भारी घमासान है। हर पार्टी में प्रधानमंत्री पद के कई-कई दावेदार है। वे अपनी पार्टीयों में ही एक-दूसरे की टांग खींच रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी खुद को प्रधानमंत्री पद का दावेदार बताते हैं जिन्हें विपक्ष की कोई भी पार्टी स्वीकार नहीं कर रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी सिर्फ 44 सांसदों तक सिमट गई थी। सोनिया गांधी या राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता पद के लिए आवश्यक सांसद भी नहीं जुटा पाए थे। ऐसी पार्टी अब लोकसभा में और भी कम सीटों तक सिमट जाएगी क्याेंकि देश भर में मोदी लहर पिछली बार से भी ज्यादा तेज़ है।

हैरानी की बात ये है कि ऐसी हालत में भी राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं जोकि असंभव है। बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास है कि वह जब-जब केंन्द्र में वह सत्ता में रही, हिमाचल प्रदेश में विकास के लिए उसने कोई सहायता नहीं दी। यहां तक कि वाजपेयी सरकार द्वारा हिमाचल को दिए गए औद्योगिक पैकेज़ को भी केन्द्र में मनमोहन सिंह की सरकार ने रद्द कर दिया था। वाजपेयी सरकार की उदार आर्थिक सहायाता से हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस सरकार ने वंचित कर दिया था । नरेन्द्र मोदी ने 2014 में सत्ता में आते ही इस पहाडी राज्य को हजारों करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की। लेकिन राज्य की कांग्रेस सरकार ने उसे राज्य के विकास में खर्च करने की बजाय फिजूलखर्ची में उड़ा दिया। राज्य में जयराम ठाकुर सरकार बनने तक विकास की रफ्तार रूकी रही।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने समाज के सभी वर्गाें के उत्थान और राज्य के एक समान विकास के लिए ईमानदारी से प्रयास किए हैं। इसमें केन्द्र की मोदी सरकार का विशेष योगदान है। उन्होंने कहा कि यह बात हिमाचल की समझदार जनता अच्छी तरह से जानती है कि केन्द्र और राज्य दोनों में भाजपा सरकार होने का क्या लाभ है। इसलिए हिमाचल प्रदेश की चारों संसदीय सीटों पर भाजपा को भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने युवा वर्ग से विशेष तौर पर भाजपा को वोट देने की अपील की।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे