पाकिस्तान हमारा खून बहाए, हम अपना पानी बहाकर उसे दे सकते हैं क्या? : मोदी

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 03 मई 2019, 5:21 PM (IST)

बीकानेर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीकानेर में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अर्जुन राम मेघवाल के जनसमर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2014 की तरह ही राजस्थान में 25 में से 25 सीटें भाजपा को मिलेगा। पूरे राज्य में कमल खिलेगा।

6 मई का बीकानेर का स्थापना दिवस है। इस मौके पर पीएम ने अग्रिम शुभकामनाएं दी। राम राम सा से मतदाताओं का अभिवादन किया। पीएम मोदी ने भारत माता की जय के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस की इसी मानसिकता ने गरीब, किसान और मजदूर को सिर्फ नारा बनाकर रखा। 10 दिन में कर्ज माफ, नहीं तो मुख्यमंत्री साफ-किसानों को ये नारा किसने दिया था? कर्जमाफी हुई क्या? मुख्यमंत्री साफ हुआ क्या?

उन्होंने कहा कि कामगारों का अपमान करने में नामदार को बड़ा आनंद आता है। ये गरीब को, मेहनत करने वाले को उसकी हैसियत दिखाने से कभी नहीं चूकते हैं। बाल काटने वाला हो, चौकीदार या चाय वाला हो, हर कोई कड़ी मेहनत करता है। वो ऐसे नामदार की कृपा का मोहताज नहीं है।

पाकिस्तान को भेजे जा रहे पानी पर उन्होंने कहा कि जो पाकिस्तान हमारा खून बहाए, हम अपना पानी बहाकर उसे दे सकते हैं क्या? जो पाकिस्तान भारत को हजारों घाव देने के सपने पाले, उसे हजारों लीटर पानी देने क्या सही था? वो भी तब जब उस पानी से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान जैसे राज्यों की प्यास बुझ सकती है भारत के हक का पानी पाकिस्तान जाता रहा लेकिन हमारा बीकानेर और राजस्थान बूंद-बूंद के लिए तरसता रहा

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसकी महामिलावटी लोग दुश्मनों की संपत्ति को जब्त करना भी टालते रहे। चौकीदार की मजबूत सरकार ने शत्रु संपत्ति कानून लागू किया और अब तक 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा की शत्रु संपत्ति हमने जब्त कर ली है।

पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जब देश में मजबूत सरकार होती है, तब दुनिया भी भारत की बातों को गौर से सुनती है। जब मज़बूत सरकार होती है, तब वन रैंक वन पेंशन का दशकों पुराना वादा पूरा किया जाता है। जब मजबूत सरकार होती है, तब ही दशकों से अटका हुआ बेनामी संपत्ति कानून लागू होता है।

आज भारत की गूंज पूरे विश्व में सुनाई दे रही है। ये संभव हुआ तो उसका कारण आपका एक वोट है। आपने कमल को वोट दिया और कमल ने कमाल कर दिया। आपके वोट से 30 साल बाद देश में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनी है।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे