किंग्स इलेवन के सहमालिक नेस वाडिया को 2 साल की सजा, ये है आरोप

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 30 अप्रैल 2019, 2:09 PM (IST)

टोक्यो। भारत के जाने-माने कारोबारी और आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब फ्रेंचाइजी के सहमालिक नेस वाडिया को जापान के सपोरो जिले की एक कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई है। उन पर ड्रग्स रखने का आरोप है। वैसे यह सजा 5 साल तक के लिए स्थगित है।

वाडिया ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। वाडिया को मार्च में जापान यात्रा के दौरान 25 ग्राम ड्रग्स रखने के चलते होक्काइदो आईलैंड के एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर हिरासत में लिया गया था। वे वहां छुट्टियों का मजा लेने गए थे। वाडिया फिलहाल भारत में हैं। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक वाडिया ने जापान में कुछ दिन हिरासत में भी बिताए थे।

हालांकि यह पता नहीं है कि वह अवधि कितनी थी। बिजनेस की दुनिया में वाडिया ग्रुप का बड़ा नाम है। बॉम्बे डाइंग, बॉम्बे बर्मन ट्रेडिंग, बिस्कुट की ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज समेत गो एयरवेज भी इसी समूह का है। ग्रुप की कंपनियों की कुल संपत्ति 13.1 अरब डॉलर के करीब बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उल्लेखनीय है कि वाडिया पूर्व में भी गलत कारणों के चलते चर्चाओं में रहे थे। वर्ष 2014 में पंजाब टीम की सहमालकिन व अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने उनसे दुव्र्यवहार करने और अपशब्द कहने का आरोप लगाया था। चार साल बाद मुंबई पुलिस ने फरवरी 2018 में चार्जशीट फाइल की थी। हालांकि बाद में प्रीति ने केस वापस ले लिया।