एशियाई एथलेटिक्स : गोमती ने 800 मीटर में भारत को दिलाया स्वर्ण

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 23 अप्रैल 2019, 1:07 PM (IST)

दोहा। भारतीय एथलीट गोमती मारिमुथु ने यहां जारी 23वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में सोमवार को स्वर्ण पदक हासिल किया। गोमती ने खलीफा स्टेडियम में प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में 2:02.70 मिनट का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चैम्पियनशिप में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है।

चीन की चुनयू वांग ने 2:02.96 मिनट के साथ रजत पदक जीता। शिवपाल सिंह ने 86.23 मीटर का थ्रो फेंककर भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता है। इससे पहले सोमवार को ही एथलीट सरिताबेन गायकवाड और जाबिर एमपी ने कांस्य पदक हासिल किया।

सरिताबेन ने 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में 57.22 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीतकर भारत को दूसरे दिन का पहला पदक दिलाया। भारत ने रविवार को पहले दिन पांच पदक जीते थे। हालांकि सरिताबेन विश्व चैम्पियनशिप की क्वालीफिकेशन मार्क को हासिल करने से चूक गईं, जोकि 56.00 का था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

सरिताबेन के अलावा जाबिर एमपी ने पुरुषों के 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। जाबिर ने 49.13 सेकेंड के अपने सर्वश्रेष्ठ समय के साथ कांस्य जीता। उन्होंने इसके साथ ही विश्व चैम्पियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफिकेशन मार्क 49.30 सेकेंड का था। भारत ने प्रतियोगिता में अब तक आठ पदक जीत लिए हैं।

ये भी पढ़ें - ब्रेट ली ने इस क्रिकेटर को बताया भारतीय गेंदबाजी का भविष्य