UP की 10 सीटों पर 57.74 प्रतिशत वोटिंग, सपा-भाजपा के कई दिग्गज मैदान में

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 23 अप्रैल 2019, 08:13 AM (IST)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के लिए 10 लोकसभा सीटों पर मंगलवार को मतदान किया गया। यहां कुल 57.74 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया। मुरादाबाद, रामपुर, संभल, फीरोजाबाद,मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली और पीलीभीत में वोट डाले गए।

वहीं, मैनपुरी के साथ ही एटा में कई जगहों पर ईवीएम में खराबी आने के कारण आधा दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों पर मतदान देर से शुरू हुआ। इनमें तीन केंद्रों पर मॉक पोल भी नहीं हो पाया और नई ईवीएम इंस्टॉल करानी पड़ी।

सपा, भाजपा के कई दिग्गज मैदान में
मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव चुनाव मैदान में हैं। रामपुर में पूर्व मंत्री आजम खां व पूर्व सांसद जया प्रदा के बीच मुकाबला है। पीलीभीत में सांसद वरुण गांधी एवं बरेली में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवारअपनी किस्मत आजमा रहे हैं। फीरोजाबाद सीट पर चाचा शिवपाल सिंह यादव व भतीजे अक्षय यादव के बीच सियासी मुकाबला है।


-उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर मतदान खत्म। कुल 57.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
यूपी की 10 सीटों पर शाम 5 बजे तक कुल मतदान 56.36 प्रतिशत दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट से महागठबंधन के प्रत्याशी और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम खान ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिम्पल यादव के साथ वोट डाला। उत्तर प्रदेश में दोपहर 1 बजे तक 35.49प्रतिशत मतदान हुआ। उत्तर प्रदेश में दोपहर 12 बजे तक 22.39 प्रतिशत मतदान हुआ। उत्तर प्रदेश में सुबह 11 बजे तक 10.88 प्रतिशत मतदान हुआ। उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के लिए 10 लोकसभा सीटों पर सुबह नौ बजे तक 10.24 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की कतारें लग गई। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेश चन्द्र राय के मुताबिक, मुरादाबाद में 9.90 प्रतिशत, रामपुर में 10, संभल में 10.80, फिरोजाबाद में 8.68, मैनपुरी में10.10, एटा में 10.20, बदायूं में 11.30, आंवला में 10.30, बरेली में 10.60, पीलीभीत में 10.50 प्रतिशत मतदान हुआ।

शिवपाल यादव ने वोटिंग से पहले अपनी जीत का दावा किया
फिरोजाबाद से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार शिवपाल यादव ने वोटिंग से पहले अपनी जीत का दावा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपने बड़े भाई और सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को वोट देंगे। शिवपाल ने भतीजे और सपा प्रत्याशी अक्षय यादव पर कहा कि वह चाचा के चुनाव लड़ रहे हैं तो हारेंगे भी। उन्होंने कहा कि अक्षय यादव को इस क्षेत्र में कोई पसंद नहीं करता है, बीजेपी के प्रत्याशी को कोई जानता भी नहीं है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. ब्रह्म देव राम तिवारी ने बताया कि तीसरे चरण का चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष हो इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 10 सीटों पर 1.78 करोड़ मतदाता 120 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसमें 14 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं।





ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आइजी कानून-व्यवस्था प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तीसरे चरण के चुनाव के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा घेरा होगा।

लोकसभा चुनाव 2014 में इनमें से सात सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया था। मैनपुरी, बदायूं और फिरोजाबाद सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में गई थीं।