कांग्रेस में शामिल हुआ दुष्कर्म का ये आरोपी, पणजी से लड़ सकता है चुनाव?

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 18 अप्रैल 2019, 7:10 PM (IST)

पणजी। पूर्व शिक्षा मंत्री अतानासियो मोनसेराते गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उन पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप लग चुका है। इस बात की संभावना है कि 19 मई को होने वाले विधानसभा उपचुनाव में वह पणजी से प्रत्याशी होंगे। उनका सामना दिवंगत मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर से हो सकता है जिन्हें भाजपा टिकट दे सकती है।

मोनसेराते पार्टियां बदलने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपना राजनैतिक करियर युनाइटेड गोवा डेमोक्रेटिक पार्टी से शुरू किया और विधायक बने। 2004 में वह भाजपा में चले गए और 2007 में फिर लौटकर युनाइटेड गोवा डेमोक्रेटिक पार्टी में आ गए।

कुछ साल के बाद वह कांग्रेस में आए लेकिन 2015 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी से निकाल दिए गए। इसके बाद उन्होंने गोवा फारवर्ड की सदस्यता ली जिसके कुछ हफ्ते पहले तक वह पदाधिकारी थे।

पणजी के उपनगर तालेइगाओ से ताल्लुक रखने वाले मोनसेराते की गोवा की राजधानी और पणजी नगर निगम की राजनाति पर अच्छी पकड़ मानी जाती है।

बीते साल एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और मानव तस्करी के मामले में उन्हें चार्जशीट किया गया। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें फंसाया गया है। उन पर अवैध वसूली का मामला भी दर्ज हो चुका है।

मोनसेराते ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से कहा, "आप कह सकते हैं कि यह एक अपव्ययी (प्रोडिगल) बेटे की वापसी है। इस बेटे ने हर कहीं घूमकर सबक सीखा है। मैं भाजपा को हराऊंगा।"

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे