अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक का कार्यक्रम घोषित, जानें...

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 17 अप्रैल 2019, 1:23 PM (IST)

नई दिल्ली। अगले साल जापान की राजधानी टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों के कार्यक्रम मंगलवार को घोषित कर दिए गए हैं। ओलंपिक की वेबसाइट ओलम्पिक डॉट ओआरजी पर इस बात की जानकारी दी गई। टोक्यो ओलंपिक की शुरुआत 24 जुलाई से हो रही है। यह खेल नौ अगस्त तक चलेंगे।

खेलों के महाकुम्भ के उद्घाटन समारोह से दो दिन पहले ही हालांकि महिला फुटबॉल के प्रीलीमिनरी राउंड खेले जाएंगे। उद्घाटन समारोह 24 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। रोविंग और तीरंदाजी की शुरुआत 24 तारीख से ही होगी। वहीं महिला निशानेबाजी 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का आयोजन पहले ही दिन होगा और इसी दिन पदक राउंड भी खेला जाएगा।

पहले दिन कुल 11 स्वर्ण पदक दांव पर होंगे, जिनमें निशानेबाजी के अलावा तीरंदाजी, साइक्लिग, फेंसिंग जुडो, ताइक्वांडो और भारोत्तोलक में पदकों की रेस होगी। दूसरे दिन से बास्केटबॉल तीन गुणा तीन की शुरुआत होगी। एक अगस्त को 21 पदकों के लिए रेस होगी। इस दिन जुडो, ट्राइथलॉन, निशानेबाजी में पदकों पर नजरें रहेंगी। अगले दिन महिला मैराथन, पुरुष 100 मीटर एथलेटिक्स, जिम्नास्टिक और पुरुष टेनिस एकल वर्ग को मिलाकर कुल 26 पदक दांव पर होंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आठ अगस्त को कुल 30 स्पर्धाओं के फाइनल में खिलाड़ी संघर्ष करेंगे। इस दिन रिदम जिमनास्टिक, महिला गोल्फ, पुरुष बास्केटबॉल, पुरुष फुटबॉल, पुरुष वॉलीबॉल, आर्टिस्टिक तैराकी में फाइनल खेले जाएंगे। इन खेलों के अलावा कई अन्य खेलों में भी इसी दिन फाइनल आयोजित किए जाएंगे। नौ अगस्त को खेलों का समापन होगा। इस दिन पुरुष मैराथन आयोजित किया जाएगा। ओलंपिक में कुल 33 खेलों में 339 स्पर्धाओं के आयोजन किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें - ...तब घर में रात का खाना बना रहे थे स्पिनर नाथन लियोन